IPL 2026: RCB मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस को बड़ी राहत, स्टार खिलाड़ी टीम से जुड़ने को तैयार

punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 06:10 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: मुंबई इंडियंस (MI) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले बड़ी राहत मिली है। स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव रायपुर में टीम से जुड़ने के लिए तैयार हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह मुकाबले की पूर्व संध्या पर कैंप में पहुंच जाएंगे। सूर्यकुमार पिछले मैच के बाद टीम के साथ रायपुर नहीं गए थे क्योंकि हाल ही में वह और उनकी पत्नी देविशा शेट्टी बेटी के माता-पिता बने हैं। ऐसे में उनके खेलने को लेकर संशय बना हुआ था, लेकिन अब उनकी उपलब्धता से MI कैंप में उत्साह लौट आया है।

हार्दिक पंड्या की फिटनेस पर सस्पेंस

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या की फिटनेस अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है। पीठ में ऐंठन के कारण वह लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पिछला मुकाबला नहीं खेल पाए थे। उनकी गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ने टीम की कप्तानी संभाली थी। रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक ने 8 मई को फिटनेस टेस्ट दिया था और 9 मई को भी उनका एक और टेस्ट होना है। टीम मैनेजमेंट अंतिम फैसला मैच के करीब ले सकता है। ठीक वैसे ही जैसे रोहित शर्मा की वापसी को लेकर आखिरी समय में निर्णय लिया गया था।

प्लेऑफ की उम्मीद बचाने के लिए जीत जरूरी

मुंबई इंडियंस के लिए RCB के खिलाफ मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। टीम अभी भी गणितीय रूप से प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है, लेकिन अब उसके पास गलती की कोई गुंजाइश नहीं है। MI को अपने बाकी चारों मुकाबले बड़े अंतर से जीतने होंगे ताकि नेट रन रेट (NRR) भी बेहतर हो सके। अगर सात जीत वाली टीमों के बीच प्लेऑफ की लड़ाई फंसती है, तो बेहतर NRR मुंबई के काम आ सकता है।

पिछली भिड़ंत में RCB ने दी थी करारी चोट

इस सीजन वानखेड़े स्टेडियम में हुए पिछले मुकाबले में RCB ने मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की थी। फिल सॉल्ट, विराट कोहली और कप्तान रजत पाटीदार की फिफ्टी की मदद से RCB ने 240/4 का विशाल स्कोर बनाया था। लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा चोटिल होने के बाद रिटायर्ड आउट हो गए थे। हालांकि शेरफेन रदरफोर्ड ने 31 गेंदों में नाबाद 71 रन बनाकर मुकाबले को रोमांचक जरूर बनाया, लेकिन मुंबई 222/5 तक ही पहुंच सकी और 18 रन से मैच हार गई।

RCB के खिलाफ स्टार खिलाड़ियों पर नजर

RCB के खिलाफ मुकाबले में एक बार फिर मुंबई की उम्मीदें रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा पर टिकी रहेंगी। वहीं गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है। अगर हार्दिक पंड्या फिट होकर वापसी करते हैं तो मुंबई इंडियंस की संतुलित टीम RCB के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News