IND vs ENG 2nd T20I: ''7 साल छोटे खिलाड़ी के खिलाफ खेलना थोड़ा अजीब था'': जैकब बेथेल
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 01:23 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में इंग्लैंड ने चार विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। हालांकि मैच के बाद सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू की रही, जिन्होंने पहली बार भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल खेला।
15 साल के वैभव ने दिखाया दम
तीन मैचों तक बेंच पर बैठने के बाद वैभव सूर्यवंशी को दूसरे टी20 में मौका मिला। भारत ने संजू सैमसन की जगह युवा ओपनर को प्लेइंग-11 में शामिल किया। वैभव ने अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय पारी में 10 गेंदों पर 14 रन बनाए, लेकिन इस दौरान उन्होंने दो शानदार छक्के लगाए। इनमें से एक छक्का इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर के खिलाफ आया, जिसने उनकी प्रतिभा की झलक दिखा दी।
प्लेयर ऑफ द मैच बेथेल ने की वैभव की जमकर तारीफ
191 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने 46 गेंदों में नाबाद 76 रन की मैच जिताऊ पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। मुकाबले के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब उनसे वैभव सूर्यवंशी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने युवा भारतीय बल्लेबाज की खुलकर सराहना की।
बेथेल ने कहा, 'हाँ, यह थोड़ा अजीब लगता है कि मैं अपने से सात साल छोटे खिलाड़ी के खिलाफ खेल रहा हूं। मैंने उसे भारत में बल्लेबाजी करते हुए देखा है और आज भी देखा। उसका बैट स्विंग और टाइमिंग शानदार है। वह एक अविश्वसनीय प्रतिभा है।'
बेथेल की पारी ने भारत से छीनी जीत
इंग्लैंड की जीत के हीरो जैकब बेथेल रहे, जिन्होंने 46 गेंदों में नाबाद 76 रन बनाए। उनकी इस पारी में पांच चौके और पांच छक्के शामिल रहे। उन्होंने टॉम बैंटन (39) के साथ 67 रन की साझेदारी कर मैच पूरी तरह इंग्लैंड के पक्ष में मोड़ दिया।
अब तीसरे टी20 पर भारत की नजर
भारत अब अपनी गलतियों से सीख लेकर 7 जुलाई को ट्रेंट ब्रिज में खेले जाने वाले तीसरे टी20 मुकाबले में वापसी करने की कोशिश करेगा। पहला टी20 बारिश के कारण रद्द हो गया था, जबकि दूसरे मुकाबले में मिली जीत के बाद इंग्लैंड पांच मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है।

