IPL 2026: KKR में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी विजेता की एंट्री, रिप्लेसमेंट के रूप में टीम में शामिल
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 11:34 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 से पहले Kolkata Knight Riders को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज Harshit Rana चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। हर्षित राणा को टी20 वर्ल्ड कप के दौरान दाएं घुटने में लिगामेंट इंजरी हुई थी, जिसके कारण वह IPL 2026 नहीं खेल पाएंगे। KKR की गेंदबाजी पहले से ही चोटों से जूझ रही है, ऐसे में यह टीम के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
नवदीप सैनी को मिला मौका
हर्षित राणा की जगह Navdeep Saini को टीम में शामिल किया गया है। नवदीप सैनी 2020-21 में Border-Gavaskar Trophy जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। इससे पहले वह राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए IPL खेल चुके हैं। अब IPL 2026 में उन्हें KKR की ओर से खेलने का मौका मिला है।
IPL के बयान में कहा गया, 'कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस ने IPL 2026 के लिए क्रमशः नवदीप सैनी और कुलवंत खेजरोलिया को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल किया है।'
सैनी ने इसे बताया ‘रिवाइवल’
KKR से जुड़ने के बाद सैनी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, 'सच कहूं तो मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं। KKR जैसी टीम का हिस्सा बनना अपने आप में एक अलग एहसास है। मुझे कल रात इस बारे में पता चला और मैं समझ नहीं पा रहा था कि कैसे रिएक्ट करूं।'
उन्होंने आगे कहा, 'अगर मैं इस मौके को एक नाम दूं तो इसे रिवाइवल कहूंगा। पिछले 2-3 साल मेरे करियर में उतार-चढ़ाव भरे रहे, लेकिन मैंने मेहनत करना नहीं छोड़ा और उसी का नतीजा है कि मुझे यह मौका मिला है।'
GT ने भी बदला खिलाड़ी
वहीं Gujarat Titans ने भी चोटिल खिलाड़ी की जगह रिप्लेसमेंट का ऐलान किया है। GT ने Kulwant Khejroliya को Prithviraj Yarra की जगह टीम में शामिल किया है। खेजरोलिया एक लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज हैं और इससे पहले IPL में गुजरात, KKR और RCB का हिस्सा रह चुके हैं।
सैनी का IPL रिकॉर्ड
नवदीप सैनी अब तक 32 IPL मैचों में 23 विकेट ले चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में भी 23 विकेट लिए हैं। IPL 2026 में KKR ने उन्हें 75 लाख रुपये में टीम में शामिल किया है। वहीं कुलवंत खेजरोलिया को GT ने 30 लाख रुपये में साइन किया है।

