IPL 2026: लगातार मैचों ने बिगाड़ा राजस्थान रॉयल्स का खेल? हार के बाद गेंदबाजी कोच का बड़ा खुलासा
punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 03:35 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स को एक और बड़ी हार का सामना करना पड़ा। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस ने राजस्थान को 77 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने का फैसला राजस्थान के लिए उल्टा साबित हुआ। शुभमन गिल ने 44 गेंदों पर 84 रन और साई सुदर्शन ने 36 गेंदों पर 55 रन की शानदार पारी खेलकर गुजरात को 20 ओवर में 229/4 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
वैभव की तूफानी शुरुआत भी नहीं आई काम
230 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने तेज शुरुआत दिलाई। 15 वर्षीय बल्लेबाज ने सिर्फ 16 गेंदों में 36 रन ठोक दिए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। हालांकि, उनके आउट होते ही राजस्थान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। राशिद खान ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4/33 के आंकड़े दर्ज किए और पूरी टीम 152 रन पर सिमट गई।
हार के बाद शेन बॉन्ड ने शेड्यूल को ठहराया जिम्मेदार
राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजी कोच शेन बॉन्ड ने हार के बाद टीम के व्यस्त शेड्यूल को बड़ी वजह बताया। बॉन्ड ने कहा कि लगातार हर तीन दिन में मैच खेलने से खिलाड़ी पूरी तरह थक चुके थे। उन्होंने कहा, 'यह हमारे लिए बेहद निराशाजनक प्रदर्शन था। दोनों टीमों के पास बराबर अंक थे और यह मुकाबला बहुत अहम था। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अब हमें अपने बाकी मैच जीतने होंगे।'
बॉन्ड ने आगे कहा, 'हमने लगातार हर तीन दिन में पांच मुकाबले खेले। उसके बाद खिलाड़ी काफी थके हुए थे। टीम पहले जैसी धार नहीं दिखा पा रही थी।'
प्लेऑफ की राह हुई मुश्किल
राजस्थान रॉयल्स की यह हार उनके प्लेऑफ समीकरण को और कठिन बना सकती है। टीम को अब अगले मुकाबलों में जीत दर्ज करनी बेहद जरूरी होगी। शेन बॉन्ड ने माना कि नेट रनरेट और बाकी समीकरणों को देखते हुए टीम के पास अब ज्यादा गलती की गुंजाइश नहीं बची है।
वैभव सूर्यवंशी ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
हार के बावजूद वैभव सूर्यवंशी ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह आईपीएल इतिहास में एक सीजन के पावरप्ले में 30 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम था, जिन्होंने IPL 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पावरप्ले में 29 छक्के लगाए थे।

