''रफ्तार बढ़ने से इंजरी हुई कहना शर्मनाक'', नीतीश रेड्डी के चोटिल होने पर गेंदबाजी कोच का बड़ा बयान
punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 02:32 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी की चोट को लेकर चल रही अटकलों पर उनके गेंदबाजी कोच स्टेफन जोन्स ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। जोन्स ने उन विशेषज्ञों की आलोचना की है, जिन्होंने दावा किया था कि रेड्डी की गेंदबाजी की रफ्तार बढ़ने की वजह से वह चोटिल हुए। उन्होंने ऐसे दावों को पूरी तरह गलत बताते हुए इसे "शर्मनाक" करार दिया।
'रफ्तार बढ़ने से चोट लगी कहना बकवास'
स्टेफन जोन्स ने स्पोर्ट्स नाउ से बातचीत में कहा कि रेड्डी की चोट को उनकी बढ़ी हुई गेंदबाजी गति से जोड़ना बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा, 'यह पूरी तरह बकवास है। जो लोग ऐसा कह रहे हैं, वे एक्सपर्ट नहीं हैं। मैं इस सवाल का जवाब भी नहीं देना चाहता क्योंकि यह पूरी तरह निरर्थक बात है। इंसानी शरीर अद्भुत होता है। उसे बल्लेबाजी भी करनी होती है, गेंदबाजी भी और फील्डिंग भी।' जोन्स ने आगे कहा कि बिना पूरी जानकारी के सार्वजनिक रूप से इस तरह की टिप्पणी करना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है।
'उन्होंने टी20 में छोटे स्पैल फेंकने से लेकर लंबे स्पैल तक गेंदबाजी की है। लेकिन यह कहना कि अब वह ज्यादा तेज गेंदबाजी करने लगे इसलिए चोटिल हुए, बहुत खराब सोच है। ऐसे बयान देना शर्मनाक है।'
अफगानिस्तान सीरीज में चोटिल हुए थे नीतीश
नीतीश कुमार रेड्डी को अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के दौरान बाएं पैर की क्वाड्रिसेप्स (Quadriceps) में चोट लगी थी। इसी वजह से वह इंग्लैंड दौरे और जिम्बाब्वे टी20 सीरीज से बाहर हो गए। आईपीएल 2026 में उनकी तेज गेंदबाजी ने सभी का ध्यान खींचा था और उन्हें भविष्य में भारत के प्रमुख तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में देखा जा रहा है।
वर्कलोड मैनेजमेंट पर दिया बड़ा सुझाव
स्टेफन जोन्स का मानना है कि नीतीश तीनों फॉर्मेट खेलने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि तेज गेंदबाज ऑलराउंडरों के लिए छोटी-मोटी चोटें सामान्य होती हैं, लेकिन सही वर्कलोड मैनेजमेंट बेहद जरूरी है। उन्होंने सलाह दी कि मैच से पहले नेट्स में जरूरत से ज्यादा गेंदबाजी कराने के बजाय उनकी फिटनेस और रिकवरी पर ज्यादा ध्यान दिया जाना चाहिए।
कब होगी वापसी?
बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने फिलहाल नीतीश कुमार रेड्डी को आराम करने की सलाह दी है। उनकी गैरमौजूदगी में इंग्लैंड दौरे की टी20 टीम में सूर्यांश शेडगे, जबकि वनडे टीम में शिवम दुबे को मौका मिला है। अब उनकी फिटनेस पर फैसला श्रीलंका दौरे और एशियन गेम्स 2026 से पहले लिया जाएगा। हालांकि, न्यूजीलैंड दौरे और आगामी टेस्ट मुकाबलों को देखते हुए टीम इंडिया उन्हें पूरी तरह फिट करना चाहेगी।

