दिग्गज मुक्केबाज डोप टेस्ट में फेल, करियर पर मंडराया खतरा
punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2026 - 05:43 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : ब्रिटेन के दिग्गज मुक्केबाज लॉरेंस ओकोली एक बड़े विवाद में फंस गए हैं, क्योंकि टॉनी योका के खिलाफ होने वाली फाइट से पहले उनका डोप टेस्ट पॉजिटिव आया है। यह मुकाबला पेरिस में आयोजित होना था, लेकिन इस खुलासे के बाद इसकी स्थिति पर संशय बन गया है। प्रमोटर Queensberry ने इस खबर की पुष्टि की है, जिससे बॉक्सिंग जगत में हलचल मच गई है।
डोप टेस्ट में फेल, करियर पर खतरा
ओकोली का डोप टेस्ट Voluntary Anti-Doping Association (VADA) द्वारा किया गया था और रिपोर्ट के बाद उन पर कड़ी कार्रवाई की संभावना है। नियमों के तहत उन्हें चार साल तक के प्रतिबंध का सामना करना पड़ सकता है, यदि वे खुद को निर्दोष साबित नहीं कर पाते। फिलहाल जांच जारी है और सभी की नजर इस मामले के नतीजे पर टिकी हुई है।
ओकोली का बयान और सफाई
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए ओकोली ने कहा, 'मैं जांच में पूरा सहयोग करूंगा और मुझे भरोसा है कि सच्चाई सामने आएगी।' उन्होंने यह भी कहा कि लोग जल्दबाजी में कोई निष्कर्ष न निकालें। अपने बचाव में उन्होंने चोट का हवाला देते हुए बताया कि पिछले साल बाइसेप्स इंजरी के बाद उन्हें एल्बो की समस्या भी हुई थी, जिसके लिए उन्होंने इलाज कराया था।
रैंकिंग और भविष्य पर असर
33 वर्षीय ओकोली पहले क्रूजरवेट वर्ल्ड चैंपियन रह चुके हैं और अब हेवीवेट में अपनी पहचान बना रहे हैं। वह WBC रैंकिंग में टॉप कंटेंडर हैं, जहां मौजूदा चैंपियन ओलेक्जेंडर उसिक हैं। इस विवाद का असर उनके करियर और भविष्य की फाइट्स पर पड़ सकता है, जिससे उनकी छवि को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
प्रतिद्वंद्वी योका भी रह चुके हैं विवादों में
वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी टोनी योका का भी डोपिंग विवादों से पुराना नाता रहा है। योका को 2018 में डोपिंग सैंपल नहीं देने के कारण एक साल का प्रतिबंध झेलना पड़ा था। ऐसे में इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले से पहले फिर एक बार डोपिंग विवाद सामने आने से बॉक्सिंग की साख पर भी सवाल उठने लगे हैं।

