FIFA World Cup 2026 : ब्राजील ने की शानदार वापसी, जापान को 2-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 12:41 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्कः पांच बार के चैम्पियन ब्राजील ने गैब्रियल माटिर्नेली के इंजरी समय के पांचवें मिनट में दागे गए निर्णायक गोल की मदद से जापान को सोमवार को 2-1 से हराकर फीफा विश्व कप के‘राउंड ऑफ 16'में प्रवेश कर लिया। जापान ने पहले हाफ में दमदार खेल दिखाया और ब्राजील पर एक गोल की बढ़त बनाए रखी।
मैच के 29वें मिनट में काइशू सानो ने बॉक्स के बाहर से शानदार प्रयास पर गोल करके जापान को 1-0 की बढ़त दिला दी। काइशू सानो ने डैनिलो से मिले खराब पास को मध्य रेखा के निकट संभाला, तेजी से गोल की तरफ बढ़े और बॉक्स के किनारे से नीचे बाएं कोने में एक लो शॉट मारा।
दूसरे हाफ में ब्राजील ने बेहतरीन वापसी की और जोरदार हमलों से जापान के डिफेंस को हतप्रभ कर दिया। दूसरे हाफ में वापसी करते हुए ब्राजील के स्टार मिडफील्डर कैसिमिरो ने 56वें मिनट में गैब्रियल मैगलहेस के क्रॉस पर हैडर से गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके तुरंत बाद विनीसियस जूनियर का तेज़ रन जापान के गोलकीपर ज़ायन सुज़ुकी द्वारा शॉट को पोस्ट पर धकेलने से खत्म हो गया। निर्णायक गोल मैच के अंतिम क्षणों में आया।
मैच के अंतिम क्षणों (90 5 मिनट) में गैब्रियल माटिर्नेली ने विजयी गोल दागकर ब्राजील को 2-1 से शानदार जीत दिला दी। माटिर्नेली का शॉट गोलपोस्ट के अंदरूनी हिस्से से टकराकर गोल में चला गया। ब्राज़ील अगले राउंड में 5 जुलाई को न्यू जर्सी में आइवरी कोस्ट और नॉर्वे के बीच मंगलवार को होने वाले राउंड ऑफ-32 मैच के विजेता से खेलेगा।

