क्रिकेट जगत में शोक की लहर, ब्रायन लारा के 501 रन वाली पारी के साथी का निधन

punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 10:59 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा के साथ क्रिकेट इतिहास की सबसे यादगार पारियों में शामिल रहे पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कीथ पाइपर का 56 वर्ष की उम्र में कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया। पाइपर वारविकशायर के दिग्गज खिलाड़ियों में गिने जाते थे और 1994 में क्लब की ऐतिहासिक ट्रेबल जीत का अहम हिस्सा रहे थे। उनके निधन की खबर सुनकर ब्रायन लारा ने भावुक संदेश साझा किया।

501 रन की ऐतिहासिक पारी में थे लारा के साथ

जून 1994 में डरहम के खिलाफ वारविकशायर की ओर से खेलते हुए ब्रायन लारा ने नाबाद 501 रन बनाए थे, जो आज भी फर्स्ट-क्लास क्रिकेट का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। उस ऐतिहासिक पारी के दौरान दूसरे छोर पर कीथ पाइपर मौजूद थे।

पाइपर ने उस मैच में 151 गेंदों पर नाबाद 115 रन बनाए थे। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 322 रनों की अटूट साझेदारी हुई थी। यह पाइपर के फर्स्ट-क्लास करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी रहा।

लारा ने साझा की दोस्ती की भावुक यादें

कीथ पाइपर के निधन पर ब्रायन लारा ने इंस्टाग्राम पर भावुक संदेश लिखा। लारा ने कहा, 'कीथ के निधन की खबर सुनकर मेरा दिल टूट गया। जब मैं उस तस्वीर को देखता हूं तो मुझे कोई क्रिकेट मैच या स्कोरकार्ड नहीं दिखता, बल्कि एक शानदार दोस्त, साथी खिलाड़ी और खेल के प्रति साझा प्यार की यादें नजर आती हैं।'

उन्होंने आगे बताया कि 501 रन की पारी के जश्न के बाद पाइपर उन्हें कार से लंदन लेकर गए थे। लारा ने लिखा, 'मैं बेहद थका हुआ था और जश्न के बाद पूरी तरह चूर हो चुका था। रास्ते में हम ऑक्सफोर्ड में मेरे एक दोस्त से मिलने रुके। फिर मोटरवे पर बातचीत करते-करते मुझे नींद आ गई। अगली आवाज जो मैंने सुनी वह थी- ‘बीसी, उठो... हम लंदन पहुंच गए हैं।'

‘ड्रेसिंग रूम को बेहतर बनाते थे पाइपर’

ब्रायन लारा ने पाइपर को गर्मजोशी से भरा, वफादार और शानदार इंसान बताया। उन्होंने कहा, 'कीथ उन लोगों में थे जो ड्रेसिंग रूम को बेहतर जगह बना देते थे। समय बीत जाता है, लेकिन क्रिकेट से जुड़ी दोस्ती और यादें कभी नहीं मिटतीं।'

इंग्लैंड के लिए नहीं खेल पाए पाइपर

लेस्टर में जन्मे कीथ पाइपर ऐसे दौर में खेले जब इंग्लैंड के पास जैक रसेल और एलेक स्टीवर्ट जैसे दिग्गज विकेटकीपर मौजूद थे। इसी वजह से उन्हें इंग्लैंड की सीनियर टीम में मौका नहीं मिल सका। हालांकि वह इंग्लैंड ए की कुछ टीमों का हिस्सा रहे, लेकिन कभी टेस्ट डेब्यू नहीं कर पाए। ब्रायन लारा ने उन्हें वेस्टइंडीज के लिए खेलने के लिए भी मनाने की कोशिश की थी, लेकिन यह संभव नहीं हो सका।

कैसा रहा कीथ पाइपर का करियर?

कीथ पाइपर ने 16 साल लंबा फर्स्ट-क्लास करियर खेला।

200 फर्स्ट-क्लास मैच
4618 रन
औसत: 19.99
2 शतक और 14 अर्धशतक

लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 237 मैच खेले और 970 रन बनाए। उनके नाम कोई अर्धशतक नहीं रहा। क्रिकेट से संन्यास के बाद वह वारविकशायर की सेकेंड इलेवन टीम के कोच भी रहे। 2008 तक उन्होंने यह जिम्मेदारी निभाई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News