T20 World Cup : ''बुमराह ने मुझसे सीखी स्लोअर बॉल'', पाकिस्तानी मूल के गेंदबाज का चौंकाने वाला दावा

punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 11:15 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : पाकिस्तान में जन्मे और यूएई के लिए खेलने वाले तेज गेंदबाज जाहूर खान ने भारत के स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह को लेकर बड़ा दावा किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में जाहूर खान ने कहा कि उन्होंने IPL 2019 के दौरान बुमराह को बिना एक्शन बदले स्लोअर बॉल डालने की तकनीक सिखाई थी। जाहूर के मुताबिक उस समय वह मुंबई इंडियंस के साथ नेट गेंदबाज के रूप में जुड़े हुए थे और वहीं उनकी बुमराह से इस तकनीक को लेकर बातचीत हुई थी।

अबू धाबी मैच के बाद हुई थी बातचीत

जाहूर खान ने बताया कि एक मैच के दौरान अबू धाबी में बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और नाथन कूल्टर-नाइल ने काफी रन खर्च किए थे।उन्होंने कहा कि उस समय यूएई में काफी गर्मी थी और गेंद को पकड़ना भी मुश्किल हो रहा था। इसी दौरान मुंबई इंडियंस ने उन्हें टीम के साथ नेट गेंदबाज के तौर पर बुलाया। जाहूर ने बताया कि उन्होंने नेट्स में पहले एक यॉर्कर डाली और फिर लगातार पांच स्लोअर गेंदें फेंकी, जिससे टीम मैनेजमेंट प्रभावित हुआ।

रोहित शर्मा और बुमराह के सामने बताया तरीका

जाहूर खान ने बताया कि उस समय टेबल पर रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह भी बैठे हुए थे। उन्होंने बुमराह से कहा कि वह उसी एक्शन और ग्रिप के साथ स्लोअर बॉल डालते हैं। इस पर बुमराह ने उनसे पूछा कि ऐसा कैसे संभव है, तो जाहूर ने उन्हें अभ्यास के दौरान यह तकनीक दिखाने की बात कही।

नेट्स में दिखाया स्लोअर बॉल का कमाल

जाहूर के अनुसार अभ्यास के दौरान उन्होंने स्लोअर बाउंसर डाली, जिसे बल्लेबाज समझ ही नहीं पाया। उस समय शेन बॉन्ड मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच थे और महेला जयवर्धने भी नेट्स के पीछे खड़े थे। बॉन्ड ने उनसे पूछा कि क्या वह ऑफ-कटर डालते हैं, लेकिन जाहूर ने बताया कि वह उसी ग्रिप और एक्शन से स्लोअर बॉल डालते हैं।

बुमराह ने भी मांगी थी ग्रिप की जानकारी

जाहूर खान ने कहा कि कुछ दिनों बाद जब वह नेट्स में बुमराह के साथ गेंदबाजी कर रहे थे, तो भारतीय तेज गेंदबाज ने उनसे उनकी ग्रिप के बारे में पूछा। उन्होंने बुमराह को वही तकनीक दिखाई और बताया कि एक्शन और आर्म स्पीड को बिल्कुल समान रखना होता है। जाहूर ने कहा कि बुमराह ने इसे “नेक्स्ट लेवल” तकनीक बताया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें यह देखकर अच्छा लगा कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक होने के बावजूद बुमराह सीखने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News