IPL 2026: करो या मरो मैच जीतने के बाद श्रेयस अय्यर का बड़ा खुलासा, 'मैंने रिकी से कहा...'
punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 10:20 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में पंजाब किंग्स के कप्तान Shreyas Iyer ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शानदार शतक जड़ने के बाद बड़ा खुलासा किया। अय्यर ने बताया कि टीम ने इस अहम मुकाबले से पहले कोई टीम मीटिंग नहीं की थी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े, इसलिए सिर्फ अपने नियमित रूटीन पर ध्यान दिया गया।
अय्यर ने मैच के बाद कहा, 'आज मैंने रिकी से साफ कहा कि कोई टीम मीटिंग नहीं करेंगे। सीधे मैदान पर जाएंगे और वही रूटीन फॉलो करेंगे जो लगातार करते आए हैं। इसका असर भी मैदान पर देखने को मिला।'
PBKS ने 18 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
मुकाबले में Lucknow Super Giants ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 196/6 का मजबूत स्कोर बनाया। टीम के लिए जोश इंग्लिस ने 72 रन, आयुष बदोनी ने 43 रन और अब्दुल समद ने 37 रन की तेज पारियां खेलीं। पंजाब किंग्स की ओर से मार्को यानसन और युजवेंद्र चहल ने 2-2 विकेट झटके, जबकि अजमतुल्लाह उमरजई और शशांक सिंह को 1-1 सफलता मिली।
श्रेयस और प्रभसिमरन ने पलटा मैच
197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी Punjab Kings की शुरुआत बेहद खराब रही। मोहम्मद शमी ने पहली ही गेंद पर प्रियांश आर्य को आउट कर दिया और बाद में कूपर कॉनोली को भी पवेलियन भेजा। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर ने मैच का पूरा रुख बदल दिया। प्रभसिमरन ने 39 गेंदों में 69 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि अय्यर ने सिर्फ 51 गेंदों में नाबाद 101 रन ठोक दिए। दोनों के बीच 140 रन की मैच जिताऊ साझेदारी हुई, जिसकी बदौलत PBKS ने लक्ष्य 18 ओवर में ही हासिल कर लिया।
पहली IPL सेंचुरी पर भावुक हुए अय्यर
श्रेयस अय्यर ने अपनी पहली IPL सेंचुरी को बेहद खास बताया। उन्होंने कहा, 'मैं बहुत ज्यादा खुश हूं। मेरा पहला IPL शतक ऐसे समय आया जब टीम को इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। लगातार हार के बाद इस जीत ने टीम में नया आत्मविश्वास भरा है।' अय्यर ने गेंदबाजों की भी जमकर तारीफ की। खास तौर पर अजमतुल्लाह उमरजई और युजवेंद्र चहल के प्रदर्शन को सराहा। उन्होंने कहा कि पिछले मैच में महंगे साबित होने के बावजूद चहल ने शानदार वापसी कर अपने जज्बे का परिचय दिया।
खास क्लब में शामिल हुए श्रेयस
इस शतक के साथ श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स के लिए IPL शतक लगाने वाले तीसरे कप्तान बन गए। उनसे पहले केएल राहुल और एडम गिलक्रिस्ट यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। शानदार बल्लेबाजी के लिए अय्यर को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

