IPL 2026: ‘कप्तानी काफी कमजोर थी’, वीरेंद्र सहवाग ने CSK की रणनीति पर उठाए सवाल

punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 01:29 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मिली सात विकेट की हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की कप्तानी और रणनीति पर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के फैसलों की जमकर आलोचना की है। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 187/5 का स्कोर बनाया था, लेकिन लखनऊ ने इस लक्ष्य को सिर्फ 16.4 ओवर में हासिल कर लिया।

पावरप्ले में ही मैच से बाहर हुई CSK

LSG के सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। दोनों ने पावरप्ले में बिना विकेट खोए 86 रन जोड़ दिए और CSK के तेज गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। चेन्नई ने शुरुआती ओवरों में मुकेश चौधरी, स्पेंसर जॉनसन और अंशुल कंबोज जैसे तेज गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, जबकि स्पिनर अकील होसेन को मौका ही नहीं मिला।

सहवाग ने कप्तानी पर उठाए सवाल

वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि जब दो ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज तेज गेंदबाजी को आसानी से खेल रहे थे, तब CSK को शुरुआत से स्पिन का इस्तेमाल करना चाहिए था। उन्होंने कहा, 'जब दो ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज तेज गेंदबाजी को अच्छी तरह खेल रहे थे तो स्पिन से शुरुआत क्यों नहीं की गई? मुझे समझ नहीं आया कि पहले से ही गुरजपनीत सिंह को इम्पैक्ट प्लेयर लाने का फैसला क्यों किया गया।'

‘कम से कम स्पिन ट्राई तो करना चाहिए था’

सहवाग ने रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी को “काफी कमजोर” बताते हुए कहा कि पावरप्ले में स्पिनरों को मौका नहीं देना बड़ी गलती थी। उन्होंने कहा, 'कम से कम एक ओवर स्पिन जरूर ट्राई करना चाहिए था। मार्श तेज गेंदबाजी को बहुत अच्छी तरह खेलते हैं। अगर स्पिनर जल्दी आता तो विकेट मिलने का मौका बन सकता था। भले ही स्पिनर को छक्के पड़ते, लेकिन तेज गेंदबाजों को भी तो लगातार मार पड़ रही थी।'

नूर अहमद को देर से लाने पर भी सवाल

सहवाग का मानना था कि नूर अहमद को पावरप्ले में गेंदबाजी देनी चाहिए थी। हालांकि उन्हें बाद में गेंदबाजी मिली और उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 21 रन दिए। सहवाग ने कहा, 'अगर नूर अहमद को शुरुआत में गेंदबाजी मिलती और विकेट निकल जाता, तो मैच बदल सकता था क्योंकि LSG का मिडिल ऑर्डर इस सीजन ज्यादा भरोसेमंद नहीं रहा है।'

प्लेऑफ की रेस में अभी भी कायम CSK

इस हार के बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है। टीम के 12 मैचों में 12 अंक हैं और अगर वह अपने बाकी दोनों मुकाबले जीत लेती है तो नॉकआउट में जगह बना सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News