सेंचुरियन का इतिहास देता है गवाही, लगेगा रनों का अंबार

punjabkesari.in Thursday, Feb 15, 2018 - 09:47 PM (IST)

जालन्धर : दक्षिण अफ्रीका में भारत पहली बार वनडे सीरीज जीत चुका है। ऐसे में सेंचुरियन मैदान पर होने वाला छठा मैच रोचक हो सकता है। क्योंकि भारत सीरीज जीत चुका है ऐसे में भारतीय खिलाड़ी आत्मविश्वास से पूरी तरह लबरेज होंगे। वहीं, सीरीज में 1-4 से पीछे चल रही दक्षिण अफ्रीकी के लिए यह मैच प्रतिष्ठा बचाने का मौका होगा। ऐसे में घरेलू खिलाड़ी मैच जीतने के लिए पूरा दमखम लगाएंगे, ऐसी पूरी संभावना हैं। वैसे भी सेंचुरियन की पिच बैटिंग फ्रैंडली रही है। यहां एक पारी का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 392 है जो दक्षिण अफ्रीका ने 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था। वैसे भी सेंचुरियन में दक्षिण अफ्रीका 11 बार 300 से ज्यादा रन बना चुकी है। दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका के खिलाफ इसी मैदान पर 2017 में 384 रन तो वैस्टइंडीज के खिलाफ 361, जिम्बाब्वे के खिलाफ 331 और न्यूजीलैंड के खिलाफ 324 रन बनाए हैं।

डी-कॉक के नाम है सर्वाधिक रन की रिकॉर्ड

सेंचुरियन मैदान में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के ही क्विंटन डी-कॉक के नाम पर है। उन्होंने 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 113 गेंद में 178 रन बनाए थे। इसमें 16 चौके और 11 छक्के शामिल हैं। इसके बाद डेव कैलाघन का नाम है। उन्होंने 1994 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 143 गेंद खेलते हुए 169 रन बनाए थे। डेव ने अपनी पारी में 19 चौके और 4 छक्के भी लगाए थे। इसके बाद हाशिम अमला ने श्रीलंका के खिलाफ 154, ग्रीम स्मिथ के इंगलैंड के खिलाफ 141 और डी कॉक के ही इंगलैंड के खिलाफ 135 रन शामिल हैं। वैसे भी डी-कॉक को सेंचुरियन का मैदान काफी रास आता है। यहां खेले गए सात मैच में 80 की औसत से वह 562 रन बना चुके हैं। इसमें चार शतक भी शामिल हैं। खास बात यह है कि उनका स्ट्राइक रेट सौ से ज्यादा यानी 113 के करीब है।

पोलाक के नाम सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड

दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज शॉन पोलाक के नाम पर गेंदबाजी का सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड है। उन्होंने 2001 में सेंचुरियन के मैदान में इंडिया के खिलाफ मैच खेलते हुए 9.5 ओवर में 37 रन देकर 5 विकेट झटके थे।
उसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ वेन पार्नेल (8 ओवर, 57 रन, 5 विकेट) हैं। फिर न्यूजीलैंड के खिलाफ एंड्रयू हॉल ने (10 ओवर, 23 रन, 4 विकेट), वेन पार्नेल (8 ओवर, 25 रन, 4 विकेट) का नाम है।

शेन वॉटसन और रिकी पोंटिंग की सर्वश्रेष्ठ साझेदारी

सेंचुरियन मैदान में सबसे सर्वश्रेष्ठ साझेदारी शेन वॉटसन और रिकी पोंटिंग के नाम पर हैं। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 252 रन जोड़े थे। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला और रिली रोसौऊ का नाम आता है। दोनों ने पहले विकेट के लिए 247 रन बनाए थे। फिर क्वंटिम डी-कॉक और हाशिम अमला की तीसरे विकेट के लिए की गई 239 रन की पार्टनरशिप का नंबर आता है। शोएब मलिक और मोहम्मद युसूफ भी 206 रन तो जैक्स कैलिस और मार्क बाउचर 128 रनों की साझेदारी निभा चुके हैं।