खेल रत्न के लिए छेत्री और अर्जुन पुरस्कार के लिए बाला देवी के नाम की सिफारिश

punjabkesari.in Wednesday, Jun 30, 2021 - 07:20 PM (IST)

नई दिल्ली : अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने देश के सबसे बड़े खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न के लिएकरिश्माई कप्तान सुनील छेत्री के नाम की सिफारिश की है। वहीं राष्ट्रीय महिला फुटबॉल टीम की स्ट्राइकर बाला देवी का नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा गया है जो इस समय स्कॉटिश महिला प्रीमियर लीग में रेंजर्स के लिए खेल रही हैं। एक आधिकारिक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर कहा कि हमने खेल रत्न के लिए सुनील छेत्री और अर्जुन पुरस्कार के लिएबाला देवी के नाम की सिफारिश की है।

सूत्र ने साथ ही कहा कि हमने द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए गैब्रियल जोसफ का नाम दिया है। 36 साल के छेत्री पिछले कुछ वर्षों से देश और अपने क्लब बेंगलुरू एफसी के लिएबेहतरीन फार्म में हैं। उन्होंने 118 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं जिसमें 74 गोल दागे है और ये दोनों ही भारतीय रिकार्ड हैं। छेत्री ने कतर में हाल के विश्व कप क्वालीफायर में बांग्लादेश के खिलाफ दो बार गोल किए जिससे वह सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले सक्रिय फुटबॉलरों की सूची में अर्जेंटीना के स्टार लियोनल मेस्सी से आगे दूसरे स्थान पर पहुंच गए थे। वह हालांकि अभी चौथे स्थान पर खिसक गए हैं। 

संयुक्त अरब अमीरात के अली मबखूत (76) और मेस्सी (75) ने उनसे पहले पहुंच गए हैं। छेत्री को 2019 में पद्म श्री और 2011 में अर्जुन पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। वर्ष 2005 में पदार्पण करने के बाद छेत्री एएफसी चैलेंज कप (2008), सैफ चैम्पियनशिप (2011, 2015), नेहरू कप (2007, 2009, 2012), इंटरकान्टिनेंटल कप (2017, 2018) जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। 

वह 2011 और 2019 एशियाई कप में भी खेले थे। वहीं 31 वर्षीय बाला देवी पिछले साल जनवरी में रेंजर्स ऑफ ग्लास्गो से जुड़ने के बाद यूरोप में शीर्ष स्तरीय पेशेवर लीग में खेलने वाली पहली भारतीय महिला फुटबॉलर बनीं। वह 2010 के बाद से देश के लिए 50 से ज्यादा मैच खेल चुकी हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Raj chaurasiya

Recommended News

Related News