फुटबॉल खिलाड़ी के मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान नहीं रखने पर क्लब पर भारी जुर्माना
punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 11:18 AM (IST)
मेलबोर्न: ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉल क्लब कार्लटन फुटबॉल क्लब पर बड़ी कार्रवाई हुई है। क्लब पर 75,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 54,000 अमेरिकी डॉलर) का जुर्माना लगाया गया है। यह जुर्माना एक खिलाड़ी के मैदान पर मानसिक स्वास्थ्य संकट के दौरान सही कदम न उठाने के कारण लगाया गया।
मैच के दौरान दिखी असामान्य हरकतें
यह मामला 16 अप्रैल को ऑस्ट्रेलियन फुटबॉल लीग के मैच के दौरान सामने आया, जब खिलाड़ी एलिजाह हॉलैंड्स मैदान पर भ्रमित और असामान्य व्यवहार करते नजर आए। वीडियो फुटेज में वह अजीब तरीके से मूव करते दिखे और वार्म-अप के दौरान उनका शॉट भी ठीक से नहीं जा सका, जिससे फैंस और विशेषज्ञों को चिंता हुई।
पांच दिन बाद अस्पताल में भर्ती
24 वर्षीय हॉलैंड्स को घटना के पांच दिन बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके पिता बेन हॉलैंड्स ने सोशल मीडिया पर लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के लोगों का ख्याल रखें और मानसिक रूप से परेशान लोगों की मदद करें।
AFL ने माना- पहले हटाना चाहिए था
एंड्रयू डिलन ने कहा कि मैच के दौरान पर्याप्त संकेत थे, जिससे साफ था कि खिलाड़ी को पहले ही मैदान से हटा लेना चाहिए था।उन्होंने कहा, 'जो कुछ मैदान पर हुआ, वह पहले कभी नहीं देखा गया। खिलाड़ी की जांच जरूर हुई, लेकिन उन्हें इतने समय तक मैदान पर नहीं रहना चाहिए था।'
मानसिक स्वास्थ्य प्रोटोकॉल पर उठे सवाल
AFL अधिकारियों ने माना कि शारीरिक चोटों के लिए तो स्पष्ट नियम हैं, लेकिन मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में अभी भी जटिलता है। लौरा केन ने बताया कि अब हर क्लब में फुल-टाइम मनोवैज्ञानिक रखने जैसे कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को बेहतर तरीके से संभाला जा सके।
मानसिक स्वास्थ्य संस्था को जाएगी जुर्माने की राशि
क्लब द्वारा भरी जाने वाली जुर्माने की राशि AFL की मानसिक स्वास्थ्य पार्टनर संस्था हेडस्पेस को दी जाएगी, जो युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर काम करती है।

