IPL 2026: ब्रेक के बावजूद DC मैच में क्यों नहीं खेले रवींद्र जडेजा? कोच ने बताई बड़ी वजह

punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 04:16 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) को अपने स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की कमी साफ महसूस हुई। जडेजा की गैरमौजूदगी में टीम मिडिल ओवर्स में दबाव नहीं बना सकी और बल्लेबाजी में भी संतुलन बिगड़ गया। दिल्ली ने 194 रन के लक्ष्य को पांच विकेट रहते हासिल कर लिया, जबकि RR की टीम 162/2 की मजबूत स्थिति से लड़खड़ाकर 193/8 तक पहुंची थी।

आखिर क्यों आराम दिया गया जडेजा को?

मैच से पहले कप्तान रियान पराग ने सिर्फ “वर्कलोड मैनेजमेंट” का हवाला दिया था, लेकिन बाद में बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने जडेजा की गैरमौजूदगी की असली वजह बताई। राठौड़ ने कहा, 'जडेजा के घुटने में हल्की परेशानी थी। टीम मैनेजमेंट को लगा कि अगर उन्हें एक और मैच का आराम दिया जाए तो उनके लिए बेहतर रहेगा। इसी वजह से उन्हें इस मुकाबले में रेस्ट दिया गया।'

जडेजा की जगह खेलने उतरे रवि सिंह

जडेजा की जगह राजस्थान ने युवा बल्लेबाज रवि सिंह को प्लेइंग-11 में मौका दिया। उन्होंने IPL डेब्यू किया, लेकिन दूसरी ही गेंद पर आउट हो गए। मिचेल स्टार्क के खिलाफ चौका लगाने के बाद रवि सिंह जल्दी पवेलियन लौट गए, जिससे RR का बल्लेबाजी क्रम दबाव में आ गया।

फेरेरा को ओवर देना पड़ा भारी

राजस्थान ने इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर दासुन शनाका को उतारा, जिन्होंने 8 गेंदों में 10 रन बनाए और गेंद से 3 ओवर में 29 रन देकर एक विकेट भी लिया। इसके बावजूद कप्तान रियान पराग ने 18वां ओवर शनाका की जगह पार्ट-टाइमर डोनोवन फेरेरा को दे दिया। इस ओवर में अक्षर पटेल और डेविड मिलर ने दो छक्के लगाए और कुल 16 रन बटोरे, जिसने मैच का रुख बदल दिया।

LSG के खिलाफ वापसी कर सकते हैं जडेजा

रिपोर्ट के मुताबिक, रवींद्र जडेजा अब लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ अगले मुकाबले में वापसी कर सकते हैं। यह मैच राजस्थान रॉयल्स के लिए करो या मरो जैसा होगा। पिछले मुकाबले में जडेजा ने नाबाद 43 रन बनाए थे और गेंदबाजी में भी किफायती प्रदर्शन करते हुए निकोलस पूरन का अहम विकेट लिया था।

IPL 2026 में कैसा रहा जडेजा का प्रदर्शन?

14 करोड़ रुपये में टीम से जुड़े जडेजा ने इस सीजन अब तक बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दिया है। 11 मैच, 8 विकेट, इकॉनमी रेट: 7.84, 190 रन, बल्लेबाजी औसत: 47.50, स्ट्राइक रेट: 133.80; हालांकि टीम ने उन्हें लगातार फिक्स बल्लेबाजी पोजिशन नहीं दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh