CWG 2026: गुरिंदरवीर सिंह के खराब प्रदर्शन के बाद कोच का बयान, बोले- ''देश से माफ़ी मांगता हूं''
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 05:42 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत के सबसे तेज धावकों में शामिल गुरिंदरवीर सिंह का कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 अभियान निराशाजनक रहा। पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा में वह सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूक गए। इस प्रदर्शन के बाद उनके पहले कोच हैप्पी सिंह ने पूरे देश से माफी मांगते हुए कहा कि गुरिंदरवीर लोगों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके।
सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूके गुरिंदरवीर
गुरिंदरवीर सिंह ने अपनी हीट में 10.39 सेकंड का समय निकाला, जो उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से काफी पीछे था। वह 76 खिलाड़ियों में 28वें स्थान पर रहे और सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके। सेमीफाइनल का आखिरी स्थान बारबाडोस के क्यूरोन ग्रिफिथ ने 10.24 सेकंड के समय के साथ हासिल किया।
कोच ने मांगी देश से माफी
गुरिंदरवीर के पहले कोच हैप्पी सिंह ने उनके प्रदर्शन पर निराशा जताते हुए कहा, "देश को उम्मीद होती है कि जब कोई खिलाड़ी भारत के लिए दौड़े तो अच्छा प्रदर्शन करे। गुरिंदरवीर के पहले कोच होने के नाते मैं पूरे देश से माफी मांगता हूं। वह वैसा प्रदर्शन नहीं कर सके, जिसकी लोगों को उनसे उम्मीद थी।"
'हार से सीख मिलती है, अब उनका साथ दीजिए'
हैप्पी सिंह ने कहा, 'खिलाड़ी या तो जीतता है या फिर सीखता है, लेकिन जब ऐसे बड़े टूर्नामेंट चार साल में एक बार आते हैं तो सीखने की कीमत काफी बड़ी होती है। जो हो गया उसे बदला नहीं जा सकता। अब हमें सिर्फ उनका समर्थन करना चाहिए और आगे बढ़ने के लिए उनका हौसला बढ़ाना चाहिए।'
किस्मत ने भी नहीं दिया साथ
रेस पूरी करने के बाद गुरिंदरवीर सिंह को भरोसा था कि उनका समय सेमीफाइनल में पहुंचाने के लिए पर्याप्त होगा। उन्होंने दर्शकों की ओर अंगूठा दिखाकर आत्मविश्वास भी जताया, लेकिन अन्य हीट्स के नतीजे आने के बाद वह अंतिम 16 में जगह बनाने से चूक गए और उनका कॉमनवेल्थ गेम्स अभियान पहले ही दौर में समाप्त हो गया।

