सिनसिनाटी ओपन: कोको गॉफ ने दूसरी बार जीता खिताब, पुरुष वर्ग में आर्थर फिल्स चैंपियन बने

punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 11:13 AM (IST)

मेसन (अमेरिका): कोको गॉफ ने हमवतन अमेरिकी खिलाड़ी जेसिका पेगुला को सीधे सेटों में हराकर सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट का महिला एकल खिताब दूसरी बार अपने नाम कर लिया। वहीं, पुरुष एकल के फाइनल में फ्रांस के आर्थर फिल्स ने अमेरिका के फ्रांसिस टियाफो को हराकर अपने करियर का पहला एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब जीत लिया।

गॉफ ने पेगुला को सीधे सेटों में हराया

महिला एकल के फाइनल में कोको गॉफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जेसिका पेगुला को 6-2, 6-4 से मात दी। गॉफ ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पहले सेट में 5-0 की मजबूत बढ़त हासिल करने के बाद उसे 6-2 से अपने नाम किया।

दूसरे सेट में पेगुला ने वापसी करने की कोशिश की और स्कोर को 5-4 तक पहुंचा दिया। हालांकि, गॉफ ने दबाव में शानदार संयम दिखाया और मैच जीतकर सिनसिनाटी में अपना दूसरा महिला एकल खिताब जीत लिया। गॉफ ने मुकाबले के दौरान मिले छह में से पांच ब्रेक प्वाइंट को भुनाया।

56 साल बाद अमेरिकी खिलाड़ियों के बीच हुआ महिला फाइनल

पेगुला ने सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन इगा स्वियातेक को हराया था, जबकि गॉफ ने सारा बेजलेक को मात देकर फाइनल में जगह बनाई थी। इसके साथ ही सिनसिनाटी ओपन में 56 वर्षों बाद दो अमेरिकी महिला खिलाड़ियों के बीच महिला एकल का फाइनल खेला गया। इससे पहले वर्ष 1970 में सिनसिनाटी ओपन के महिला फाइनल में अमेरिका की रोजी कैसल्स और नैन्सी रिची आमने-सामने हुई थीं। उस मुकाबले में कैसल्स ने जीत दर्ज की थी।

गॉफ इससे पहले वर्ष 2023 में कैरोलिना मुचोवा को हराकर सिनसिनाटी ओपन का अपना पहला खिताब जीत चुकी थीं। अब उन्होंने दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम कर इस टूर्नामेंट में अपनी मजबूत पकड़ साबित की है।

आर्थर फिल्स ने जीता पहला मास्टर्स 1000 खिताब

पुरुष एकल के फाइनल में फ्रांस के आर्थर फिल्स ने अमेरिका के फ्रांसिस टियाफो को 6-3, 1-6, 6-0 से हराया। 22 वर्षीय फिल्स ने पहला सेट 6-3 से जीतकर शानदार शुरुआत की, लेकिन टियाफो ने दूसरे सेट में जोरदार वापसी करते हुए 6-1 से जीत हासिल की।

निर्णायक तीसरे सेट में हालांकि फिल्स पूरी तरह हावी रहे। उन्होंने टियाफो को कोई गेम नहीं जीतने दिया और 6-0 से सेट जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया। यह फिल्स के करियर का पहला मास्टर्स 1000 खिताब है।

मास्टर्स 1000 फाइनल में बना खास इतिहास

फिल्स और टियाफो के बीच खेला गया यह मुकाबला ऐतिहासिक भी रहा। यह पहली बार था जब एटीपी मास्टर्स 1000 के फाइनल में दो अश्वेत खिलाड़ी एक-दूसरे के खिलाफ आमने-सामने हुए।

फिल्स अब मास्टर्स 1000 खिताब जीतने वाले तीसरे अश्वेत पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले अमेरिका के बेन शेल्टन ने कनाडा में दो बार मास्टर्स 1000 खिताब जीता था, जबकि फ्रांस के जो-विल्फ्रेड सोंगा ने 2008 में पेरिस और 2014 में कनाडा में यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh