अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आगाज, 42 देशों के 144 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 05:24 PM (IST)

अहमदाबाद: कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के दूसरे संस्करण का आधिकारिक आगाज अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हो गया है। कॉमनवेल्थ देशों के 144 शीर्ष क्यू स्पोर्ट्स खिलाड़ी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पदक के लिए अपना दमखम दिखाएंगे।

42 देशों के 144 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

प्रतियोगिता में 72 पुरुष और 72 महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। करीब 42 कॉमनवेल्थ देशों के खिलाड़ी इंग्लिश बिलियर्ड्स, स्नूकर, 10-बॉल पूल, हेबॉल और ब्लैकबॉल जैसी स्पर्धाओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे। उद्घाटन समारोह बुधवार को होगा, जबकि मुकाबले 8 से 10 अक्टूबर तक खेले जाएंगे।

भारत में पहली बार हो रहा बहु-विधा आयोजन

चार दिवसीय चैंपियनशिप में कुल 10 पदक स्पर्धाएं होंगी। इसका आयोजन एपेक्स स्पोर्ट्स प्रमोशन कर रहा है और बिलियर्ड्स एंड स्नूकर फेडरेशन ऑफ इंडिया इसकी मेजबानी कर रहा है। प्रतियोगिता को वर्ल्ड कन्फेडरेशन ऑफ बिलियर्ड्स स्पोर्ट्स और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट की मान्यता प्राप्त है। यह पहली बार है जब इस बहु-विधा चैंपियनशिप का आयोजन भारत में किया जा रहा है।

भारतीय खिलाड़ियों पर रहेंगी खास नजरें

भारत ने 2025 में मॉरीशस में आयोजित पहली चैंपियनशिप में पांच पदक जीते थे। इस बार घरेलू परिस्थितियों में भारत को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। मौजूदा कॉमनवेल्थ महिला हेबॉल चैंपियन विद्या पिल्लई, पुरुष हेबॉल के रजत पदक विजेता शिवम अरोड़ा और महिला 10-बॉल पूल की रजत पदक विजेता चित्रा मागिमैराज भारतीय चुनौती की प्रमुख खिलाड़ी होंगी।

दुनिया के दिग्गज खिलाड़ी भी मैदान में

भारतीय खिलाड़ियों के सामने अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई मजबूत खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे। इनमें इंग्लैंड की केली फिशर, दक्षिण अफ्रीका के क्रेग बोवर, मलेशिया के लिम कोक लिओंग, इंग्लैंड की रेबेका केन्ना और वेल्स के डैरेन मॉर्गन जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। ऐसे में घरेलू खिलाड़ियों के लिए मुकाबला बेहद कड़ा रहने की उम्मीद है।

WCBS ने बताया प्रतियोगिता का महत्व

वर्ल्ड कन्फेडरेशन ऑफ बिलियर्ड्स स्पोर्ट्स के उपाध्यक्ष मुबारक अल-खयारिन ने कहा, "कॉमनवेल्थ के प्रमुख क्यू स्पोर्ट्स खिलाड़ियों को एक साथ लाना उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। यह आयोजन हमारे खेल को वैश्विक स्तर पर जोड़ने वाले संबंधों को भी मजबूत करता है।"

भारत में आयोजन का किया स्वागत

WCBS की बोर्ड सदस्य ग्रिएटा स्टीनकैंप ने कहा, "हमें कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का भारत में स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। इस तरह की चैंपियनशिप खिलाड़ियों के लिए नए अवसर पैदा करने, अंतरराष्ट्रीय खेल संबंधों को मजबूत करने और क्यू स्पोर्ट्स की वैश्विक पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।"

चार दिनों तक दिखेगा रोमांच

अहमदाबाद में होने वाली इस चैंपियनशिप में अनुभवी चैंपियन, उभरते हुए खिलाड़ी और भारत के शीर्ष क्यू स्पोर्ट्स खिलाड़ी कॉमनवेल्थ गौरव के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। आयोजन के जरिए भारत को अंतरराष्ट्रीय क्यू स्पोर्ट्स कैलेंडर में अपनी स्थिति मजबूत करने का भी मौका मिलेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News