हॉकी राष्ट्रमंडल खेल : भारत ने घाना को 5-0 से हराकर की दमदार शुरुआत

punjabkesari.in Friday, Jul 29, 2022 - 09:03 PM (IST)

बर्मिंघम : भारतीय महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में घाना को मात देकर जीत के साथ शुरुआत की। भारत ने बर्मिंघम में खेले गए ग्रुप-ए के पहले मैच में घाना को 5-0 से हराया। भारत की ओर से गुरजीत कौर ने दो जबकि नेहा, संगीता कुमारी और सलीमा टेटे ने एक-एक गोल किया। गुरजीत कौर ने पहले क्वाटर्र में भारत को शानदार शुरुआत दिलाते हुए तीसरे मिनट में ही पहला गोल किया। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करने के लिये गेंद को नेट के ऊपरी कोने में पहुंचाया। दूसरे क्वार्टर में घाना ने लय हासिल करना शुरू कर दी।

मैच के 27वें मिनट में घाना ने भारत के गोल पर निशाना साधा, लेकिन कप्तान और गोलकीपर सविता पूनिया ने शानदार सेव के साथ भारत की बढ़त को बरकरार रखा। इसके फौरन बाद घाना को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन सविता ने एक बार फिर गेंद को नेट तक नहीं पहुंचने दिया। घाना का एक और पेनल्टी कॉर्नर चूकने के बाद भारत हमलावर हुआ। भारत ने हाफ टाइम से सिर्फ 3 मिनट पहले एक और गोल किया। नेहा ने घाना के नेट सकिर्ल में पहुंचकर शॉट मारा जो घाना की डिफेंडर के स्टिक से छिटककर नेट तक पहुंच गया और भारत की बढ़त 2-0 हो गई। 

तीसरे और चौथे क्वाटर्र में भारत ने घाना पर अपना शिकंजा और मज़बूती से कस लिया। संगीता कुमारी ने जहां भारत के लिये तीसरा गोल किया, वहीं गुरजीत ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदल कर भारत को 4-0 की विशाल बढ़त दिला दी। अंत में सलीमा टेटे ने भारतीय वर्चस्व को ‘फिनिशिंग टच’ देते हुए टीम के लिए 5वां गोल किया और भारत ने घाना पर 5-0 की दमदार जीत दर्ज की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Recommended News

Related News