राष्ट्रमंडल खेल : पदक जीतने पर कार्तिक ने की अपनी पत्नी दीपिका की तारीफ, कही ये बात

punjabkesari.in Tuesday, Aug 09, 2022 - 03:46 PM (IST)

नई दिल्ली : भारत की स्टार स्क्वाश खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल के राष्ट्रमंडल खेल 2022 में कांस्य पदक जीतने पर उनके पति और भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने खुशी व्यक्त की है। गौरतलब है कि पल्लीकल और सौरव घोषल की मिश्रित युगल जोड़ी ने कांस्य पदक मैच में ऑस्ट्रेलिया के कैमरन पील और लोबान डोना को 11-8, 11-4 से मात दी थी। 

कार्तिक ने ट्विटर पर पल्लीकल और घोषाल की तस्वीर साझा करते हुए कहा, 'प्रयास और द्दढ़ता रंग लाई... बहुत खुशी और आप दोनों पर गर्व है!' कांस्य पदक जीतने के बाद, पल्लीकल ने खुद पिछले तीन वर्षों से अपनी यात्रा के बारे में इंस्टाग्राम पर पोस्ट लिखी। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, 'पिछले तीन वर्षों में जो कुछ भी हुआ है, उसमें जिस चीज ने मुझे वापस आने के लिए सबसे अधिक प्रेरित किया है, वह यही क्षण है। 

उन्होंने आगे कहा, यहां तक पहुंचना आसान नहीं था। यह केवल मेरे परिवार, मेरी टीम और मेरे आस-पास के अलग-अलग लोगों के कारण संभव हो पाया है। शुभकामनाओं के लिए सभी का धन्यवाद। यह एक कठिन सप्ताह रहा है, लेकिन पोडियम पर खड़े होने का मौका पाकर खुशी हुई।' 

गौर हो कि भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में 22 गोल्ड, 16 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज मेडल सहित कुच 61 पदक अपने नाम किए और तालिका में चौथे स्थान पर रहा। राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का यह पांचवां सबसे शानदार प्रदर्शन है। 

Content Writer

Sanjeev