CPL में धमाका : रूदरफोर्ड ने ठोके पहली ही 3 गेंदों में 3 छक्के, 13 गेंदों में बनाए 45 रन

punjabkesari.in Monday, Sep 10, 2018 - 02:20 PM (IST)

जालन्धर : कैरेबियन प्रीमियम लीग में नए-नए धमाके जारी है। बीते दिनों गुआना एमैजॉन वारियर्स और ट्रिनबागो नाइट्स राइड्र्स में खेले गए मैच में यह धमाका किया बल्लेबाज रूदरफोर्ड और हिटमेयर ने। दोनों ने अचानक औसत सी चल रही अपनी औसत टी-20 पारी में ऐसा गेयर बदला कि सिर्फ 5 ओवरों में ही 91 रन ठोककर अपनी टीम को जीत दिला दी। रूदरफोर्ड तो अलग ही रंग में नजर आए। उन्होंने महज 13 गेंदों का सामना करते हुए 1 चौके और 6 छक्कों की मदद से 45 रन बनाए। वहीं हिटमेयर ने तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से 30 गेंदों में 59 रन बनाए।

158 रन का लक्ष्य किया 14 ओवरों में पूरा

दरअसल ट्रिनबागो ने पहले खेलते हुए डैरेन ब्रावो 43, दिनेश रामदीन 32 और कूपर के 30 रनों की बदौलत 20 ओवरों में 154 रन बनाए थे। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुआना टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज ल्यूक रौंची महज 1 रन पर फवाद अहमद की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद डैलपोर्ट और शिमरोन हिटमेयर ने कुछ आकर्षक शॉट लगाए। डैलपोर्ट के 37 रन पर आऊट होते ही जैसन मोहम्मद भी महज पांच रन बनाकर मिलर की गेंद पर ब्रावो को कैच थमा बैठे। इसके बाद रूदरफोर्ड ने आते ही ट्रिनबागो के गेंदबाजों को बाऊंड्री के बाहर का रास्ता दिखाना शुरू कर दिया। रूदरफोर्ड और हिटमेयर ने आखिरी तीन ओवरों में तीन-तीन छक्के जड़कर मैच का रुख ही बदल दिया।

ड्वेन ब्रावो, मिलर की हुई खूब पिटाई


रूदरफोर्ड जब मैदान में आए थे तब गुआना के 10 ओवरों में 86 रन बने थे और उसे जीत के लिए 72 रनों की जरूरत थी। उन्होंने पहली तीन गेंदों पर ही तीन छक्के ठोक दिए। रूदरफोर्ड का यह रुख देखकर स्टेडियम में बैठे दर्शक भी हैरान हो गए। दूसरी तरफ हिटमेयर ने भी रूदरफोर्ड का रख देकर अपना गेयर बदल लिया और फिलिप के ओवर में एक चौका और दो छक्के जड़ दिए। अगले ओवर में ट्रिनबागो के कप्तान ड्वेन ब्रावो गेंदबाजी के लिए आए। लेकिन वह भी रूदरफोर्ड के कहर से बच नहीं पाए। रूदरफोर्ड ने उन्हें तीन छक्के लगाए। हालांकि इसके बाद दूसरे छोर पर खड़े हिटमेयर बोल्ड हो गए। लेकिन जो नए बल्लेबाज वॉल्टन क्रीज पर आए। उन्होंने भी पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर स्कोर लेवल कर दिया। अंत में रूदरफोर्ड ने एकमात्र चौका लगाकर अपनी टीम को जीत दिला दी।

 

Jasmeet