CPL 2026 : किंग्स ने बारिश से प्रभावित रोमांचक मैच में फाल्कन्स को तीन विकेट से हराया
punjabkesari.in Saturday, Aug 15, 2026 - 02:13 PM (IST)
सेंट लुसिया : मैथ्यू फोर्ड (चार विकेट) और जोशुआ बिशप (नाबाद 12) रनों की महत्वूपर्ण पारी की मदद से सेंट लूसिया किंग्स ने CPL 2026 के बारिश प्रभावित मैच में एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्स को तीन विकेट से हराया। इस जीत के साथ किंग्स अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गए और उन्हें इस सीज़न की दूसरी जीत मिली।
डैरेन सैमी नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए बारिश से प्रभावित मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए, फाल्कन्स को फोर्ड ने शुरुआती झटके दिए, जिन्होंने दूसरे ओवर में दो विकेट लिए। एविन लुईस 1 रन पर आउट हुए और फिर टिम रॉबिन्सन पहली ही गेंद पर आउट हो गए, जिससे एंटीगुआ और बारबुडा का स्कोर 2 विकेट पर 6 रन हो गया। इसके बाद फोर्ड ने रहकीम कॉर्नवाल को आउट किया, जिन्होंने 17 गेंदों में 26 रन बनाकर कुछ देर के लिए खतरा पैदा किया था; उन्होंने इस दौरान दो चौके और दो छक्के लगाए।
तजिंदर ढिल्लों और आमिर जांगू ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन फाल्कन्स को बड़ा स्कोर बनाने के लिए जरूरी मोमेंटम नहीं मिल पाया। जोशुआ बिशप ने ढिल्लों को आउट किया, जबकि रोस्टन चेस ने दो विकेट लिए, जिससे आठवें ओवर तक एंटीगुआ और बारबुडा का स्कोर 6 विकेट पर 47 रन हो गया। जांगू के 22 गेंदों में 23 रन और अल्जारी जोसेफ के नाबाद 16 रनों की बदौलत फाल्कन्स को कुछ लड़ने लायक स्कोर मिला, लेकिन आखिरकार वे 19 ओवर में 9 विकेट पर 98 रन ही बना पाए।
फोर्ड ने 29 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि चेस ने अपने चार ओवरों में 7 रन देकर 2 शानदार विकेट लिए। बिशप ने भी 16 रन देकर दो विकेट लिए। फिर बारिश ने खेल में खलल डाला और किंग्स के लिए लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल बना दिया। पहले संशोधित लक्ष्य 15 ओवर में 84 रन था, लेकिन एक और रुकावट के बाद इसे घटाकर आठ ओवर में 52 रन कर दिया गया।
लक्ष्य कम होने के बावजूद किंग्स के लिए इसे हासिल करना आसान नहीं रहा। रोस्टन चेस 1 रन पर आउट हो गए, एंड्रीस गौस ने 7 रन बनाए और अकीम ऑगस्टे और ज्वेल एंड्रयू भी सस्ते में आउट हो गए। चरित असलंका और डैरन नेड भी जल्दी-जल्दी आउट हो गए, जिससे सेंट लूसिया का स्कोर 6 विकेट पर 21 रन हो गया। फोर्ड ने 11 गेंदों में 11 रन (जिसमें एक छक्का शामिल था) बनाकर थोड़ी गति दी, लेकिन शमर स्प्रिंगर के हाथों आउट होने से किंग्स के 7 विकेट गिर गए और जीत अभी भी अनिश्चित थी। स्प्रिंगर फाल्कन्स के सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने अपने दो ओवरों में 13 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि जोशुआ जेम्स ने दो विकेट लिए।
जीत के लिए जरूरी रन बहुत करीब थे, ऐसे में शैडली वैन शल्कविक और बिशप ने संयम बनाए रखा। वैन शल्कविक ने सिर्फ तीन गेंदों पर नाबाद 8 रन बनाए, जिसमें एक छक्का शामिल था। आखिरी ओवर में अभी भी आठ रन चाहिए थे और निर्णायक क्षण तब आया जब बिशप ने जोशुआ जेम्स की फुल टॉस गेंद पर मिड-ऑफ के ऊपर से चौका जड़ा। दो डॉट गेंदों के बाद (जिसमें ‘कॉट-बिहाइंड' के लिए रिव्यू भी शामिल था, जिसमें पता चला कि गेंद बल्ले से नहीं लगी थी), बिशप को जोशुआ जेम्स से चौड़ी गेंद मिली और उन्होंने डीप बैकवडर् पॉइंट के ऊपर से छक्का जड़ दिया। किंग्स ने 7.4 ओवर में 7 विकेट पर 54 रन बनाकर DLS मेथड के तहत तीन विकेट से जीत हासिल की।

