World cup 2023 : Team india के 15 धुरंधर तैयार, जानें कैसा है वनडे में प्रदर्शन, आंकडे़

punjabkesari.in Tuesday, Sep 05, 2023 - 11:25 PM (IST)

खेल डैस्क : आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 में मेजबान के रूप में उतर रहा भारत 2011 के जादुई प्रदर्शन को दोहराने का प्रयास करेगा जब उसने करिश्माई कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में खिताब जीता था। अजित अगरकर की अगुवाई में चयनकर्त्ताओं ने टीम में किसी हैरान करने वाले नाम को जगह नहीं दी और मुख्य रूप से संतुलित टीम का चयन किया गया।

 


रोहित शर्मा : 12 साल पहले रोहित शर्मा विश्व कप टीम में जगह बनाने से चूकने के बाद अपने करियर के सबसे मुश्किल दौर में से एक का सामना कर रहे थे और 3 टूर्नामैंट बाद वह भारत की उम्मीदों की अगुवाई कर रहे हैं। सीमित ओवरों के क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी रोहित के नाम पर लगभग 10 हजार रन दर्ज हैं और वनडे प्रारूप में संभवत: यह उनकी आखिरी वैश्विक प्रतियोगिता है।  
प्रदर्शन : 246 मैच, 9922 रन, 48.88 औसत, 90.09 स्ट्राइक रेट, 30 शतक, 49 अर्धशतक

 

 


विराट कोहली : लगभग 35 बरस की उम्र में और एक दशक तक शीर्ष पर रहने के बाद ‘किंग कोहली' दूसरी आई.सी.सी. ट्रॉफी अपने नाम करना चाहेंगे।  
प्रदर्शन : 277 मैच, 12902 रन, 57.09 औसत, 93.61 स्ट्राइक रेट, 46 शतक, 65 अर्धशतक

 


शुभमन गिल : इस 23 वर्षीय खिलाड़ी से काफी उम्मीदें होंगी जिन्होंने पिछले 12 महीने में सभी प्रारूप में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्हें शिखर धवन की जगह लेनी है जो पिछले दशक में आई.सी.सी. प्रतियोगिताओं में संभवत: भारत के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे हैं।  
प्रदर्शन: 29 मैच, 1514 रन, 63.08 औसत, 102.64 स्ट्राइक रेट, 4 शतक, 7 अर्धशतक

 


हार्दिक पांड्या : बड़ौदा के इस स्टार की ‘क्लास ऑफ 2023' में वही भूमिका होगी जो 1983 में ‘कपिल्स डेविल्स' में मोहिंदर अमरनाथ और 2011 में ‘धोनी डाइनामोज' में युवराज सिंह की थी। बीच के ओवरों में बल्लेबाजी से उन्हें शीर्ष और मध्यक्रम के बीच सेतु की भूमिका निभानी होगी।  
प्रदर्शन: 79 मैच, 1753 रन, 34.37 औसत, 111.16 स्ट्राइक रेट, 74 विकेट, 5.58 इकोनमी

 


ईशान किशन: अंतिम-15 में ईशान के चयन को लेकर थोड़ा संदेह था लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप मुकाबले में दबाव की स्थिति में 82 रन की शानदार पारी ने उनका पलड़ा भारी कर दिया और चयनकर्त्ताओं को भी उनके और लोकेश राहुल में से किसी एक को चुनने का मुश्किल फैसला नहीं करना पड़ा।  
प्रदर्शन: 19 मैच, 776 रन, 48.05 औसत, 106.74 स्ट्राइक रेट, 1 शतक, 7 अर्धशतक


सूर्यकुमार यादव : सूर्यकुमार ने अपनी ताकत, नए शॉट और 360 डिग्री पर शॉट खेलने की क्षमता से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में आते ही प्रभावित किया। उन्होंने 2021 में 30 साल की उम्र में पदार्पण किया और ट्वैंटी-20 में 46.02 के औसत से 1841 रन बना चुके हैं।
प्रदर्शन: 26 मैच, 511 रन, 24.33 औसत, 101.39 स्ट्राइक रेट, 0 शतक, 2 अर्धशतक

 


लोकेश राहुल : राहुल को वनडे विश्व कप से पहले काफी मुकाबले खेलने का मौका नहीं मिलेगा। हालांकि उनकी तकनीक और क्षमता से उनके आलोचक भी प्रभावित हैं। साथ ही 5वें नंबर उनका रिकॉर्ड भी शानदार है।
प्रदर्शन: 54 मैच, 1986 रन, 45.14 औसत, 86.57 स्ट्राइक रेट, 5 शतक, 13 अर्धशतक

 

 


रवींद्र जडेजा : जडेजा पिछले कुछ समय में भारतीय टीम के भरोसेमंद खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने अपनी सटीक और किफायती गेंदबाजी के अलावा अपनी बल्लेबाजी और शानदार क्षेत्ररक्षण से लगातार योगदान दिया है।  
प्रदर्शन: 179 मैच, 2574 रन, 32.58 औसत, 197 विकेट, 4.91 इकोनमी

 

 


श्रेयस अय्यर : अय्यर को भारतीय क्रिकेट के संभवत: सबसे महत्वपूर्ण चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी मिलेगी।  इस 28 वर्षीय खिलाड़ी ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।  
प्रदर्शन: 44 मैच, 1645 रन, 45.69 औसत, 96.82 स्ट्राइक रेट, 2 शतक, 14 अर्धशतक

 


जसप्रीत बुमराह: सर्जरी के बाद इस 29 वर्षीय तेज गेंदबाज ने प्रभावी वापसी की है और टीम नई गेंद तथा डैथ ओवरों में विकेट लेने के लिए उन पर काफी निर्भर करेगी। इस स्टार तेज गेंदबाज के लिए सबसे बड़ी चुनौती हालांकि लगातार मुकाबलों में पूरे 10 ओवर गेंदबाजी करना होगी और ऐसे में उनकी तैयारी तथा फिटनैस महत्वपूर्ण होगी।
प्रदर्शन: 73 मैच, 63 रन, 7.88 औसत, 121 विकेट, 4.64 इकोनमी

 



मोहम्मद शमी: रोहित और कोहली की तरह ‘अमरोहा एक्सप्रैस' के नाम से मशहूर शमी भी संभवत: अपना तीसरा और अंतिम विश्व कप खेल रहे हैं।  जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर के चोटिल होने पर ही शमी को संभवत: एकादश में मौका मिलेगा।  
प्रदर्शन : 91 मैच, 204 रन, 8.05 औसत, 163 विकेट, 5.59 इकोनमी

 


मोहम्मद सिराज: सिराज टीम में एक अन्य खिलाड़ी हैं जिन्होंने पिछले एक साल में काफी प्रगति की है। शमी और बुमराह की गैर-मौजूदगी में कैरेबिया के टैस्ट दौरे पर उन्होंने तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई की और इस भूमिका में छाप छोड़ी।  
प्रदर्शन : 26 मैच, 31 रन, 6.02 औसत, 46 विकेट, 4.87 इकोनमी

 


कुलदीप यादव : बाएं हाथ के कलाई के इस स्पिनर के विश्व कप में अहम भूमिका निभाने की उम्मीद है। यह उनका दूसरा विश्व कप होगा। उन्होंने 2019 विश्व कप में युजवेंद्र चहल के साथ प्रभावी स्पिन जोड़ी बनाई थी।
प्रदर्शन : 86 मैच, 168 रन, 11.02 औसत, 141 विकेट, 5.14 इकोनमी

 

 


अक्षर पटेल: सीमित ओवरों के क्रिकेट में ऑलराऊंडर की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है और अक्षर ने ऑलराऊंडर के रूप में खुद को स्थापित किया है। वह बाएं हाथ की अपनी बल्लेबाजी से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।  
प्रदर्शन : 52 मैच, 413 रन, 18.77 औसत, 58 विकेट, 4.51 इकोनमी

 


शार्दुल ठाकुर : मुंबई का यह गेंदबाजी ऑलराऊंडर ‘पालघर एक्सप्रेस' के नाम से मशहूर है। वह सांझेदारियां तोड़ने में सक्षम हैं। जब हालात उनके पक्ष में हों तो शार्दुल गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा सकते हैं।  
प्रदर्शन : 40 मैच, 318 रन, 17.67 औसत, 59 विकेट, 6.17 इकोनमी
 

Content Writer

Jasmeet