बिशन सिंह बेदी के निधन से गमगीन हुआ क्रिकेट जगत, दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि

punjabkesari.in Monday, Oct 23, 2023 - 07:22 PM (IST)

खेल डैस्क : भारत के पूर्व कप्तान और बाएं हाथ के देश के महानतम स्पिनर बिशन सिंह बेदी (Bishan Singh Bedi) का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी अंजू, बेटा अंगद और बेटी नेहा हैं। उनके एक करीबी दोस्त ने कहा कि उन्होंने आज सुबह अपने घर पर अंतिम सांस ली। हाल ही में उनके घुटने का ऑपरेशन हुआ था। संक्रमण फैल गया और वह इससे उबर नहीं सके। बेदी अपने पूरे जीवन सत्ता-विरोधी रहे और उनके विचार अक्सर सत्ता में बैठे लोगों पर सवाल उठाते रहे। उनके निधन की खबर सार्वजनिक होते ही सोशल मीडिया पर शोक संवेदनाएं उमड़ पड़ीं।

 

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर लिखा- बीसीसीआई ने भारत के पूर्व टेस्ट कप्तान और महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। क्रिकेट जगत ने इस पूर्व दिग्गज को सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दी।

 

बीसीबीआई सचिव जय शाह:  बिशन सिंह बेदी के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। भारतीय क्रिकेट ने आज एक बड़ी हस्ती को खो दिया। बेदी सर ने क्रिकेट के एक युग को परिभाषित किया और उन्होंने एक स्पिन गेंदबाज के रूप में अपनी कलात्मकता और जज्बे से खेल पर एक अमिट छाप छोड़ी। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं।

 

पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर: बिशन सिंह बेदी जी के निधन से बेहद दुखी हूं। क्रिकेट में उनके अतुलनीय योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। भगवान उनके परिवार और प्रियजनों को शक्ति दे।

 

मौजूदा खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन: महान बिशन सिंह बेदी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ, एक महान क्रिकेटर होने के अलावा, वह एक मिलनसार व्यक्ति थे और युवा क्रिकेटरों की मदद के लिए अतिरिक्त प्रयास करते थे।

 

पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन: बिशन सिंह बेदी सर के निधन के बारे में सुनकर मुझे दुख हुआ। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। उसकी आत्मा को शांति मिलें। मौजूदा खिलाड़ी मोहम्मद सिराज: भारतीय क्रिकेट के एक दिग्गज। बिशन सिंह बेदी की आत्मा को शांति मिले।  उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी संवेदना है।

 

पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना: क्रिकेट के दिग्गज बिशन सिंह बेदी जी के निधन से गहरा दुख हुआ। खेल पर उनका अतुलनीय प्रभाव है और इस कठिन समय में उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है।

 

भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज: ‘स्पिन के सरदार' अब नहीं रहे। बिशन सिंह बेदी जी के निधन की खबर से दुखी हूं। वह हमेशा भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक रहेंगे। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।

Content Writer

Jasmeet