हत्या के मामले में गिरफ्तार हुए क्रिकेटर ''धोनी''

punjabkesari.in Tuesday, Dec 12, 2017 - 03:49 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली कैंट इलाके में बीते साल हुई गैंगवार में युवक की हत्या के आरोप में फरार दो भाईयों विजय कुमार उर्फ ‘धोनी’ और विशाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इन दोनों को रविवार को द्वारका मेट्रो स्टेशन के पास से हिरासत में लिया। 

दिल्ली कैंट पुलिस ने हत्या के आरोप में कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि विजय और विशाल फरार चल रहे थे। अदालत ने इन दोनों को भगोड़ा घोषित किया था। पुलिस उपायुक्त शिबेश सिंह के अनुसार, 17 जुलाई 2016 को दिल्ली कैंट इलाके में कुछ लोगों ने युवक आकाश की हत्या कर दी थी। आकाश के भाई ने पुलिस को बताया था कि विजय उर्फ धौनी, विशाल, अजीत, लक्ष्मण, गौरव और दीपक ने लोहे की रॉड से उस पर हमला किया था। 

25 वर्षीय विजय कुमार जिला स्तर का क्रिकेट खिलाड़ी रहा है, जो भारतीय टीम के पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से काफी प्रभावित है। उसने अपना लुक भी बिल्कुल धोनी जैसा बना रखा था।