भारत के लिए वनडे में पहला चौका मारने वाला क्रिकेटर अस्पताल में भर्ती

punjabkesari.in Tuesday, Mar 28, 2023 - 07:09 PM (IST)

खेल डैसक : पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मुंबई के कप्तान सुधीर नाइक को मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह अभी आईसीयू में हैं। नाइक को बीती शुक्रवार अचानक दादर स्थित घर में गिर जाने के बाद बेहोशी की हालत में पाया गया था। नाइक ने भारत के लिए 3 टेस्ट मैचों और 2 एकदिवसीय मैचों में प्रतिनिधित्व किया था। 78 वर्षीय ने लंबे प्रारूप में 23.50 की औसत से 141 रन बनाए और 50 ओवर के प्रारूप में 38 रन बनाए थे। 1974 में लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने भारत के लिए वनडे में पहला चौका मारा था।


बताया जा रहा है कि कुछ साल पहले पत्नी के गुजर जाने के बाद से वह अकेले रहते थे। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रवि सावंत ने बताया कि मैं उनसे मिलने अस्पताल जा रहा हूं। उनकी बेटी और दामाद मुंबई के लिए उड़ान भर रहे हैं। बता दें कि नाइक ने रणजी ट्रॉफी में बॉम्बे (अब मुंबई) का प्रतिनिधित्व किया और 85 मैचों में 35.29 की औसत से 4376 रन बनाए, जिसमें 7 शतक और 27 अद्र्धशतक शामिल थे। 


दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने बॉम्बे के लिए 1973-74 में 40.10 की औसत से 2687 रन बनाए थे जिसमें बड़ौदा के खिलाफ बनाया गया नाबाद दोहरा शतक भी शामिल था। नाइक 1970 में मुंबई को रणजी ट्रॉफी खिताब दिलाने वाले प्रमुख क्रिकेटर थे। 


नाइक ने भारत के लिए जहीर खान, वसीम जाफर और पारस म्हाम्ब्रे जैसे सितारे दिए। वह कई वर्षों तक प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम के क्यूरेटर भी रहे, जिसमें श्रीलंका के खिलाफ 2011 विश्व कप फाइनल जीत भी शामिल है।

Content Writer

Jasmeet