CSK ने भारत के दिग्गज गेंदबाज को बनाया हेड कोच, धोनी की कप्तानी में जीता था 2011 वर्ल्ड कप
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 09:51 AM (IST)
नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने IPL 2027 से पहले बड़ा फैसला लिया है। पांच बार की IPL चैंपियन टीम ने भारत के दिग्गज बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जहीर खान को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। जहीर खान आगामी सीजन में स्टीफन फ्लेमिंग की जगह लेंगे। फ्लेमिंग ने 18 साल तक CSK के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली थी और अब वह इंग्लैंड की टेस्ट टीम के हेड कोच बन चुके हैं।
IPL 2027 मिनी ऑक्शन से पहले हुआ बदलाव
CSK ने 21 सितंबर को जहीर खान को टीम का नया हेड कोच नियुक्त करने की घोषणा की। यह बदलाव IPL 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले हुआ है। ऐसे में जहीर के सामने टीम के अगले सीजन के लिए रणनीति तैयार करने और स्क्वॉड को लेकर अहम फैसले लेने की जिम्मेदारी होगी।
मुंबई इंडियंस और लखनऊ के साथ काम कर चुके हैं जहीर
जहीर खान इससे पहले मुंबई इंडियंस के साथ लंबे समय तक काम कर चुके हैं। उन्होंने 2018 से 2022 तक मुंबई इंडियंस के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस की भूमिका निभाई थी। इसके बाद वह 2024 तक फ्रेंचाइजी के ग्लोबल हेड ऑफ क्रिकेट डेवलपमेंट रहे।
IPL 2025 में जहीर खान लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर और बॉलिंग कोच के रूप में भी काम कर चुके हैं। इस तरह उनके पास बतौर खिलाड़ी के साथ-साथ कोचिंग और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में काम करने का अच्छा अनुभव है।
CSK से जुड़ने पर जहीर ने क्या कहा?
CSK का हेड कोच नियुक्त होने के बाद जहीर खान ने फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ने को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, "IPL की सबसे सफल टीमों में से एक का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। एक क्रिकेटर के तौर पर मैंने मैदान पर CSK का सामना किया है और इन मुकाबलों का मैंने खूब आनंद लिया है। चेपॉक में सुपरफैंस जो माहौल बनाते हैं, वह इसे और भी खास बना देता है। मैं इतनी समृद्ध विरासत वाली इस फ्रेंचाइजी की विरासत से जुड़ने का इंतजार नहीं कर सकता।"
2011 वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा थे जहीर
जहीर खान भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाजों में शामिल रहे हैं। वह 2011 में एमएस धोनी की कप्तानी में वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के अहम सदस्य थे। 2 अप्रैल 2011 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए फाइनल में भी जहीर भारतीय टीम का हिस्सा थे।
उन्होंने भारत के लिए 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। जहीर ने टेस्ट में 311 विकेट, वनडे में 282 विकेट और टी20 इंटरनेशनल में 17 विकेट हासिल किए।
IPL में जहीर का रिकॉर्ड कैसा रहा?
जहीर खान ने अपने IPL करियर में कभी CSK का प्रतिनिधित्व नहीं किया। उन्होंने 2008 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के साथ IPL डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने शुरुआती दो सीजन मुंबई इंडियंस के लिए खेले और फिर 2013 तक RCB का हिस्सा रहे।
2014 में जहीर एक बार फिर मुंबई इंडियंस में लौटे। इसके बाद उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स, जिसे अब दिल्ली कैपिटल्स के नाम से जाना जाता है, का रुख किया और 2017 में अपना आखिरी IPL मुकाबला खेला।
जहीर ने IPL में कुल 100 मैच खेले और 27.27 के औसत से 100 विकेट हासिल किए। उनके नाम एक बार चार विकेट लेने का प्रदर्शन भी रहा। उन्होंने अब बंद हो चुकी चैंपियंस लीग टी20 में मुंबई इंडियंस के लिए चार मैच खेले थे। हालांकि, बतौर खिलाड़ी जहीर खान कभी IPL खिताब नहीं जीत सके।
अब CSK के खिलाड़ियों पर भी होगी जहीर की नजर
IPL 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले जहीर खान के सामने CSK स्क्वॉड को लेकर कई अहम फैसले होंगे। सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि फ्रेंचाइजी किन खिलाड़ियों को रिलीज करती है और किन खिलाड़ियों को अपने साथ बरकरार रखती है।
पिछले ऑक्शन में युवा कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर को CSK ने रिकॉर्ड 14.20 करोड़ रुपये की कीमत में खरीदा था। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जहीर और CSK मैनेजमेंट इन दोनों खिलाड़ियों को टीम के साथ बनाए रखते हैं या मिनी ऑक्शन से पहले रिलीज करने का फैसला करते हैं।
एमएस धोनी के भविष्य पर भी रहेगा जहीर का फोकस
जहीर खान की नियुक्ति के बाद एमएस धोनी के IPL भविष्य को लेकर भी सवाल उठेंगे। धोनी IPL 2027 में खेलेंगे या संन्यास लेंगे, यह बड़ा सवाल बना हुआ है। अब CSK में जहीर की भूमिका के चलते टीम के अगले सीजन की रणनीति और धोनी के भविष्य से जुड़े फैसलों पर भी उनकी राय महत्वपूर्ण हो सकती है।

