ऑस्ट्रेलिया का तेज गेंदबाज IPL 2026 से हो सकता है बाहर, CSK ने 2 करोड़ रुपए में किया था रिटेन

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 02:08 PM (IST)

चेन्नई : ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नेथन एलिस IPL 2026 से बाहर हो सकते हैं। 11 मार्च को ऑस्ट्रेलिया के घरेलू वनडे कप फाइनल में उनकी पुरानी हैमस्ट्रिंग चोट फिर से उभर गई थी। 31 वर्षीय एलिस को पिछली IPL नीलामी से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 2 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। हालांकि उन्होंने 2025 में उनके लिए सिर्फ एक मैच खेला। कुल मिलाकर, उन्होंने 17 IPL मैच खेले हैं, जिनमें से 16 मैच 2021 से 2024 के बीच पंजाब किंग्स के लिए आए हैं। 

CSK ने अभी तक एलिस को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। एलिस तस्मानिया के कप्तान हैं और उन्होंने होबार्ट में न्यू साउथ वेल्स के खिलाफ बारिश से प्रभावित वनडे कप फ़ाइनल में पांच ओवर डाले थे। उन्होंने इस मैच में 26 रन देकर 2 विकेट लिए थे और माना जा रहा है कि इसी दौरान उनकी पुरानी चोट फिर से उभरी। तस्मानिया यह फाइनल चार विकेट से हार गया था। 

एलिस के संभावित तौर पर बाहर होने के साथ CSK के विदेशी तेज गेंदबाजों में मैट हेनरी, जेमी ओवटर्न और जैक फॉक्स बचे हैं। जबकि भारतीय तेज गेंदबाजों में खलील अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह और मुकेश चौधरी शामिल हैं। इसके अलावा ऑलराउंडर शिवम दुबे और अमान खान भी तेज गेंदबाजी विकल्प के रूप में मौजूद हैं। 

CSK का पहला मैच 30 मार्च को है, जब वे गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स का सामना करेंगे। इसके बाद वे पंजाब किंग्स (3 अप्रैल) और दिल्ली कैपिटल्स (11 अप्रैल) की मेजबानी करेंगे और फिर 5 अप्रैल को मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ़ मुक़ाबले के लिए बेंगलुरु जाएंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News