IPL 2026 में पहली बार खेलते नजर आएंगे MS धोनी, CSK CEO ने दिया बड़ा अपडेट
punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 12:58 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: MS Dhoni के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। IPL 2026 में अब तक एक भी मुकाबला नहीं खेलने वाले धोनी की वापसी की उम्मीदें एक बार फिर बढ़ गई हैं। Chennai Super Kings के CEO कासी विश्वनाथन ने पुष्टि की है कि लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 15 मई को होने वाले मुकाबले के लिए धोनी की फ्लाइट बुक कर दी गई है। हालांकि उनकी फिटनेस और प्लेइंग इलेवन में जगह को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।
CSK के 11 में से एक भी मैच में हिस्सा नहीं
धोनी इस सीजन घुटने और फिर पिंडली की चोट से जूझते रहे हैं। उन्होंने CSK के 11 में से एक भी मैच में हिस्सा नहीं लिया, लेकिन वह लगातार टीम के साथ जुड़े रहे। कई बार उन्हें नेट्स में अभ्यास करते और टीम के साथ यात्रा करते देखा गया, जिससे फैंस को उनकी वापसी की उम्मीद जगी, लेकिन हर बार वह अंतिम एकादश से बाहर रहे।
मुंबई मैच से पहले भी बढ़ी थीं उम्मीदें
मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले से पहले भी धोनी के खेलने की चर्चा तेज हो गई थी। उन्होंने विकेटकीपिंग ड्रिल की थी और करीब एक घंटे तक बल्लेबाजी अभ्यास भी किया था। हालांकि मैच के दिन उनका नाम प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं था। रिपोर्ट्स के मुताबिक धोनी नहीं चाहते थे कि पूरा फोकस सिर्फ उन्हीं पर रहे, इसलिए वह डगआउट में भी नजर नहीं आए थे।
अगर धोनी लौटे तो किसकी होगी छुट्टी?
धोनी की संभावित वापसी के साथ टीम कॉम्बिनेशन पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। युवा बल्लेबाज उर्विल पटेल और कार्तिक शर्मा ने हाल के मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया है, जबकि प्रशांत वीर ने भी छोटी लेकिन अहम पारियां खेली हैं। वहीं विदेशी बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस इस सीजन उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि अगर धोनी वापसी करते हैं तो ब्रेविस को बाहर बैठना पड़ सकता है। इससे CSK को ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन को खिलाने का विकल्प भी मिल जाएगा।
प्लेऑफ की रेस में फंसी CSK
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पिछली जीत के बाद चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। टीम ने नेट रन रेट के आधार पर Rajasthan Royals को पीछे छोड़ा। अब प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए CSK को अपने बचे हुए तीन मैचों में कम से कम दो जीत दर्ज करनी होंगी। ऐसे में धोनी की वापसी टीम के लिए बड़ा मनोबल बढ़ाने वाला कदम साबित हो सकती है।

