CSK ने आयुष म्हात्रे की जगह आकाश मधवाल को टीम में किया शामिल, 5 रन देकर झटके थे 5 विकेट

punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 05:01 PM (IST)

चेन्नई : आयुष म्हात्रे के चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बचे हुए सत्र से बाहर होने के कारण चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने बृहस्पतिवार को उनकी जगह आकाश मधवाल को टीम में शामिल किया। 

भारत की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान म्हात्रे ने CSK के लिए इस सत्र में शानदार शुरुआत की थी, उन्होंने 6 मैच में दो अर्धशतक बनाए लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान उन्हें बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी। मधवाल 30 लाख रुपए में CSK से जुड़े हैं। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मधवाल इससे पहले मुंबई इंडियंस (2023, 2024) और राजस्थान रॉयल्स (2025) का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 

इस सत्र की शुरुआत में CSK के ट्रायल्स में शामिल हुए उत्तराखंड के इस तेज गेंदबाज ने अब तक 17 IPL मैच खेले हैं और 23 विकेट लिए हैं। इस 32 वर्षीय खिलाड़ी के नाम पारी में 5 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए अपने पहले ही सत्र में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में पांच रन देकर पांच विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News