IPL 2026: CSK ने जारी की खास एडवाइजरी, LSG के खिलाफ मैच से पहले फैंस से खास अपील

punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 12:13 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच 10 मई को एमए चिदंबरम स्टेडियम में अहम मुकाबला खेला जाएगा। प्लेऑफ की रेस तेज होने के बीच यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस मुकाबले से पहले CSK ने अपने फैंस के लिए एक खास एडवाइजरी जारी की है। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर अपील करते हुए कहा कि दर्शक स्टेडियम में किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति से जुड़े बैनर, झंडे और होर्डिंग्स लेकर न आएं।

'क्रिकेट का जश्न मनाइए'

CSK ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'हमारे साथ क्रिकेट और खेल भावना का जश्न मनाइए। हमारे सुपरफैंस से अनुरोध है कि किसी भी राजनीतिक पार्टी या व्यक्ति से जुड़े बैनर, झंडे या होर्डिंग्स स्टेडियम में न लाएं और पूरे ‘येल्लोव’ के साथ मैच का आनंद लें।' फ्रेंचाइजी का मकसद चेपॉक के शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल को बनाए रखना है, जो हमेशा से चेन्नई के क्रिकेट दर्शकों की पहचान रहा है।

विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद आई एडवाइजरी

CSK की यह गाइडलाइन ऐसे समय में आई है जब अभिनेता से नेता बने थलापति विजय तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उनकी पार्टी ‘तमिझगा वेत्री कड़गम’ (TVK) को चुनाव में बड़ी सफलता मिली है और राज्य में सरकार बनाने का मौका मिला। बताया जा रहा है कि विजय 10 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। इसी राजनीतिक माहौल के बीच CSK ने यह विशेष अपील जारी की है।

प्लेऑफ की रेस में अहम मुकाबला

चेन्नई सुपर किंग्स इस समय पॉइंट्स टेबल में 10 मैचों में 10 अंकों के साथ छठे स्थान पर मौजूद है। टीम का नेट रन रेट +0.151 है।रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली CSK अपने घरेलू मैदान पर जीत हासिल कर प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूत करना चाहेगी। दूसरी ओर ऋषभ पंत की अगुआई वाली LSG भी दूसरी टीमों का खेल बिगाड़ने के इरादे से मैदान में उतरेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News