IND v SL: ‘रिकार्ड तोड़' रोहित और राहुल ने भारत को दिलाई शानदार जीत

punjabkesari.in Saturday, Jul 06, 2019 - 11:13 PM (IST)

लीड्स : एक विश्व कप में सर्वाधिक 5 शतक लगाने वाले रोहित शर्मा और केएल राहुल के सैकड़ों की मदद से भारत ने अपने आखिरी ग्रुप मैच में शनिवार को श्रीलंका को 7 विकेट से हरा दिया। सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी श्रीलंका ने एंजेलो मैथ्यूज के शतक की मदद से 7 विकेट पर 264 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 43.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 265 रन बनाए। भारत फिलहाल 9 मैचों में 15 अंक लेकर अंकतालिका में शीर्ष पर है लेकिन अगर आस्ट्रेलिया दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका को हरा देता है तो भारत दूसरे स्थान पर आ जाएगा। भारत को शीर्ष पर रहने पर सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से और दूसरे स्थान पर रहने पर इंग्लैंड से खेलना होगा।

रोहित ने 94 गेंद में 103 रन बनाए जो इस विश्व कप में उनका पांचवां शतक है। उन्होंने श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा का रिकार्ड तोड़ा जिन्होंने 2015 विश्व कप में चार शतक बनाए थे। रोहित ने विश्व कप में सर्वाधिक शतकों के सचिन तेंदुलकर के रिकार्ड की भी बराबरी की। दोनों के नाम छह शतक हो गए हैं। रोहित ने 2015 विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ शतक बनाया था। तेंदुलकर ने 1996, 1999,2003 और 2011 विश्व कप में शतक बनाए। तेंदुलकर के छह शतक 44 पारियों में बने जबकि रोहित ने सिर्फ 16 पारियों में यह कारनामा किया।

राहुल ने उनका बखूबी साथ निभाते हुए विश्व कप में अपना पहला शतक जड़ा। दोनों ने पहले विकेट के लिए 30 ओवर में 189 रन जोड़े। रोहित ने 94 गेंदों में 14 चौकों और दो छक्कों की मदद से 103 रन बनाए। वह कासुन रजीता की गेंद पर मैथ्यूज को कैच देकर लौटे। वहीं राहुल 41वें ओवर में लसिथ मलिंगा का शिकार हुए जिनका कैच विकेट के पीछे कुसल परेरा ने लपका। उन्होंने 118 गेंदों में 111 रन बनाये जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल है। कप्तान विराट कोहली 34 और हार्दिक पंड्या सात रन बनाकर नाबाद रहे।

ऋषभ पंत चार रन बनाकर इसुरू उडाना की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। इससे पहले श्रीलंका के लिए मैथ्यूज ने 128 गेंद में 113 रन बनाए। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 10 ओवर में 37 रन देकर तीन विकेट लिए जिन्हें खेलना श्रीलंकाई बल्लेबाजों के लिए काफी कठिन था। वहीं भुवनेश्वर कुमार ने 73 रन देकर एक विकेट चटकाया।

इससे पहले टाॅस श्रीलंका ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। अब तक वनडे क्रिकेट में भारत के ही खिलाफ तीनों शतक बनाने वाले मैथ्यूज ने अपनी पारी में 10 चौके और दो छक्के लगाए। इससे पहले उन्होंने मोहाली और रांची में शतक बनाया था। मैथ्यूज उस समय क्रीज पर आये जब श्रीलंका का स्कोर तीन विकेट पर 53 रन था। चौथा विकेट 55 के स्कोर पर गिर गया जब लाहिरू तिरिमन्ने क्रीज पर आए। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 124 रन की साझेदारी की। तिरिमन्ने ने 68 गेंद में 53 रन जोड़े। मैथ्यूज ने छठे विकेट के लिए धनंजय डिसिल्वा के साथ 74 रन की साझेदारी की जिसकी मदद से श्रीलंका ने 250 रन का आंकड़ा छुआ। डिसिल्वा ने 36 गेंद में 29 रन बनाए।

इस विश्व कप में पहली बार खेल रहे रविंद्र जडेजा ने 10 ओवर में 40 रन देकर एक विकेट लिया। वहीं एक मैच के बाद लौटे कुलदीप यादव ने 58 रन देकर एक विकेट चटकाया। वह श्रीलंकाई बल्लेबाजों को परेशान नहीं कर पाए हालांकि आखिर में उन्हें तिरिमन्ने का विकेट मिला। भारतीय टीम ने आज मोहम्मद शमी को आराम दिया जबकि भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह ने गेंदबाजी का आगाज किया । बुमराह ने दिमुथ करूणारत्ने (10) को पहला शिकार बनाया जिनका कैच विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धोनी ने लपका। धोनी ने तीन कैच लपके और एक स्टम्पिंग की। कुसल परेरा 18 रन बनाकर बुमराह की गेंद पर धोनी को कैच दे बैठे। पंड्या ने अविष्का फर्नांडो (20) को पवेलियन भेजा। 

टीमें इस प्रकार है :-

भारत (प्लेइंग इलेवन) : लोकेश राहुल, रोहित शर्मा, विराट कोहली (C), ऋषभ पंत, एमएस धोनी (W), दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह

श्रीलंका (प्लेइंग इलेवन) : दिमुथ करुणारत्ने (C), कुसल परेरा (W), अविष्का फर्नांडो, कुसल मेंडिस, थिसारा परेरा, लाहिरु थिरिमाने, एंजेलो मैथ्यूज, धनंजया डी सिल्वा, इसुरु उदाना, कसुन राजिथा, लसिथ मलिंगा

Jasmeet