CWG 2026 : भारोत्तोलक बिंदियारानी देवी ने महिलाओं के 58 किलोवर्ग में जीता कांस्य पदक
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 11:08 AM (IST)
ग्लास्गो : अनुभवी भारतीय भारोत्तोलक बिंदियारानी देवी ने अच्छी चुनौती दी लेकिन क्लीन एंड जर्क में दो नाकाम प्रयासों के कारण उन्हें ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 58 किलो वर्ग में कांस्य पदक से संजोष करना पड़ा।
बिंदियारानी ने स्नैच में 87 और क्लीन एंड जर्क में 112 समेत कुल 199 किलो वजन उठाया। उन्होंने स्नैच में 83 किलो से शुरूआत की और दूसरे प्रयास में 85 किलो उठाने के बाद तीसरे प्रयास में 87 किलो वजन उठाया। क्लीन एंड जर्क में उन्होंने पहले प्रयास में 110 किलो वजन उठाया जो रिव्यू के बाद रद्द कर दिया गया क्योंकि मूवमेंट के दौरान उनके हाथ मुड़ गए थे। दूसरे प्रयास में उन्होंने 112 किलो वजन उठाया लेकिन 116 किलो का तीसरा प्रयास नाकाम रहा।
कांस्य पदक के लिए उनका मुकाबला इंग्लैंड की एलिजा प्राट से था जो 196 किलो वजन उठाकर चौथे स्थान पर रही। विश्व चैम्पियनशिप रजत पदक विजेता नाइजीरिया की राफियातू फोलाशेड ने 229 किलो वजन उठाकर खेलों का नया रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता जबकि कनाडा की अन सोफी को रजत पदक मिला जिन्होंने 215 किलो वजन उठाया। बिंदियारानी ने 2022 में बर्मिंघम खेलों में रजत पदक जीता था और पिछले साल अहमदाबाद में राष्ट्रमंडल चैम्पियनशिप में दूसरे स्थान पर रही। भारत का भारोत्तोलन में यह पांचवां और खेलों में छठा पदक है।

