SL vs IND 2nd Test : श्रीलंकाई खिलाड़ी ने बाउंड्री वेज को पहुंचाया नुकसान, ICC ने सुना दी बड़ी सजा

punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 03:52 PM (IST)

कोलंबो (श्रीलंका) : श्रीलंका के स्पिनर प्रभात जयसूर्या को कोलंबो में भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान ICC आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई गई है और एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया है। ICC की एक मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार जयसूर्या को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए ICC आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। यह अनुच्छेद अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट के सामान, कपड़ों, मैदान के उपकरणों या फिक्स्चर और फिटिंग के गलत इस्तेमाल से संबंधित है। 

यह घटना सोमवार को टेस्ट के दूसरे दिन हुई, जब दिन की आखिरी गेंद पर जयसूर्या आउट हो गए। पवेलियन लौटते समय बाएं हाथ के स्पिनर ने अपने बल्ले से बाउंड्री वेज पर प्रहार किया। जयसूर्या ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और एमिरेट्स ICC एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरी के एंडी पाइक्रॉफ्ट द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया। नतीजतन औपचारिक सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं पड़ी। यह आरोप ऑन-फील्ड अंपायर अहसान रजा और शरफुद्दौला इब्ने शाहिद, तीसरे अंपायर रॉड टकर और चौथे अंपायर प्रगीथ रामबुकवेला ने लगाया था। यह 24 महीने की अवधि में जयसूर्या का पहला डिमेरिट पॉइंट है। 

कोलंबो टेस्ट के दौरान ICC की कार्रवाई का सामना करने वाले जयसूर्या तीसरे खिलाड़ी हैं। इससे पहले भारत के यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के असिथा फर्नांडो को शुरुआती दिन हुई बहस के लिए दंडित किया गया था। जायसवाल और फर्नांडो के बीच यह घटना भारत की पहली पारी के 17वें ओवर के दौरान हुई, जब श्रीलंकाई तेज गेंदबाज ने भारतीय ओपनर को आउट किया। दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद फर्नांडो ने अपना सिर जायसवाल की ओर बढ़ाया और भारतीय बल्लेबाज ने भी झुककर गेंदबाज से संपर्क किया। 

इस बीच भारत ने 503/9 (पारी घोषित) का स्कोर बनाकर दूसरे टेस्ट पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। ध्रुव जुरेल 115 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि देवदत्त पडिक्कल ने पारी में पहले 117 रन बनाए थे। श्रीलंका ने तीसरे दिन अपनी पहली पारी में टी ब्रेक तक 216/7 के स्कोर पर है। भारत ने गाले में पहला टेस्ट 165 रनों से जीता था और दो मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News