IPL 2026: ''हम पंजाब किंग्स के इस युवा खिलाड़ी की उतनी बात नहीं करते'' : पूर्व भारतीय ओपनर
punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 01:28 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : पूर्व भारतीय ओपनर दीप दासगुप्ता का मानना है कि पंजाब किंग्स के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज़ प्रभसिमरन सिंह को जितनी चर्चा मिलनी चाहिए, उतनी नहीं मिल रही। उन्होंने कहा, “हम इस खिलाड़ी की उतनी बात नहीं करते, जितनी करनी चाहिए। पिछले सीजन के बाद भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और इस साल भी वह लगातार रन बना रहे हैं।”
“बहुत सेफ विकेटकीपर हैं प्रभसिमरन”
दासगुप्ता ने प्रभसिमरन की विकेटकीपिंग की भी तारीफ करते हुए कहा, 'वह दुनिया के सबसे बेहतरीन विकेटकीपर नहीं हो सकते, लेकिन एक बहुत ही सेफ कीपर हैं। उनके पीछे खड़े होने से टीम को भरोसा मिलता है और वह ओपनर के तौर पर भी बड़ा फर्क पैदा कर रहे हैं।'
शानदार फॉर्म में चल रहे हैं प्रभसिमरन
Punjab Kings के लिए खेलते हुए प्रभसिमरन सिंह इस सीजन में बेहतरीन फॉर्म में हैं। उन्होंने अब तक 6 पारियों में 287 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 57.40 और स्ट्राइक रेट 192.61 का रहा है। इस दौरान उन्होंने तीन अर्धशतक भी लगाए हैं, जिससे वह टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बने हुए हैं।
पावरप्ले में रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाज़ी
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 266 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रभसिमरन सिंह और Priyansh Arya ने पावरप्ले में तूफानी बल्लेबाज़ी की। दोनों ने मिलकर पहले 6 ओवर में 116 रन जोड़ दिए, जो आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। प्रभसिमरन ने सिर्फ 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और पावरप्ले में ही 23 गेंदों पर 71 रन ठोक दिए।
126 रन की साझेदारी और ऐतिहासिक रन चेज
प्रभसिमरन और प्रियांश आर्या के बीच पहले विकेट के लिए सिर्फ 41 गेंदों में 126 रन की साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। प्रभसिमरन ने 26 गेंदों पर 76 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 5 छक्के शामिल थे। इस शानदार शुरुआत के दम पर पंजाब किंग्स ने 266 रन का लक्ष्य 6 विकेट रहते और 7 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
पंजाब किंग्स की लगातार जीत
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने टूर्नामेंट में अपनी लगातार जीत का सिलसिला जारी रखा। टीम अब तक खेले गए सभी मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है, जिससे उनका आत्मविश्वास काफी ऊंचा है।

