DC vs CSK : धोनी की चाह में मैच देखने पहुंचे फैंस के हाथ लगी निराशा, हुए मायूस
punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 08:46 PM (IST)
नई दिल्ली : करिश्माई विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में यहां के अरुण जेटली स्टेडियम पहुंचे दर्शकों को मंगलवार को मायूसी का सामना करना पड़ा। प्रशंसकों को उम्मीद थी कि दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के इंडियन प्रीमियर लीग के अहम मुकाबले के लिए उनका 'माही' मैदान पर उतरेगा और अगर वह मैच ना भी खेले तो कम से कम उनकी झलक देखने को मिलेगी।
पांच बार के चैंपियन 44 साल के धोनी पिंडली की चोट के कारण इस सत्र में एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। लीग की शुरुआत में CSK ने कहा था कि वह दो सप्ताह के लिए टीम से बाहर हैं, लेकिन IPL में पांच सप्ताह से अधिक बीत जाने के बाद भी टीम से बाहर रहने पर उनके भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। मूल रूप से झारखंड के गिरिडीह की रहने वाली केंद्रीय अर्धसैनिक बल से जुड़ी ममता खल्खो अपनी आठ साल की बेटी और 12 साल के बेटे के साथ धोनी को खेलते हुए देखने की उम्मीद से स्टेडियम पहुंची थीं, लेकिन जब उन्हें पता चला कि धोनी टीम के साथ दिल्ली नहीं आए हैं, तो वह और चेन्नई सुपरकिंग्स की धोनी के नाम की जर्सी पहने उनके दोनों बच्चे निराश हो गए।
ममता ने कहा, 'मेरे बच्चे झारखंड में अपने दादा-दादी के साथ रहते हैं और इस मैच के लिए यहां आए हैं। मेरे पति भी धोनी के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। बच्चों के साथ उन्हें ही आना था, लेकिन बीमारी के कारण मुझे छुट्टी लेकर यहां आना पड़ा।' उन्होंने कहा, 'बच्चों को उम्मीद थी कि धोनी इस मैच को खेलें या न खेलें, कम से कम उनकी झलक तो दिख ही जाएगी। बच्चे इसी को लेकर उत्साहित थे, लेकिन आप कह रहे हैं कि धोनी दिल्ली आए ही नहीं हैं, तो यह हमारे लिए काफी निराशाजनक है।'
दिल्ली के एक कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों का समूह भी CSK और भारतीय टीम की धोनी के नाम वाली जर्सी पहनकर यहां मैच देखने पहुंचा, लेकिन उन्हें भी धोनी की गैरमौजूदगी के बारे में पता चलने के बाद निराशा हुई। इस समूह में कालकाजी के रहने वाले जितेंद्र अहलावत ने कहा, 'हमारी टोली ने तो धोनी को खेलते हुए देखने के लिए टिकट लिया था, लेकिन अगर वह यहां नहीं आए हैं, तो इसके बारे में टीमों को पहले से बताना चाहिए था। हमारा तो पैसा और समय दोनों खराब हुआ।' इसी समूह से शामिल साकेत के राजेश अरोड़ा ने कहा, 'हमें तो यह भी नहीं पता कि धोनी अगले सत्र में खेलना जारी रखेंगे या नहीं। हमने सोचा था कि संन्यास से पहले कम से कम उन्हें एक बार देख तो लें। पिछले साल दिल्ली कैपिटल्स ने CSK के खिलाफ अपना मैच दिल्ली में नहीं खेला था।'
CSK ने पिछले साल हालांकि भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के कारण जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ प्रस्तावित मैच को दिल्ली में खेला था। दिल्ली कैपिटल्स का घरेलू मैच होने के बावजूद स्टेडियम के अंदर दिल्ली से ज्यादा CSK के प्रशंसक मौजूद थे। स्टेडियम चेन्नई की टीम की पीले रंग की जर्सी से पटा दिखा। CSK के गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में बता दिया था कि धोनी इस मैच के लिए टीम के साथ दिल्ली नहीं आए हैं, लेकिन उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।

