DC vs GT : 'वह कोई नंबर 11 का खिलाड़ी नहीं है', हार के बाद भारत के पूर्व स्पिनर ने मिलर की आलोचना की
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 04:52 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : क्रिकेट इतिहास के बेहतरीन फिनिशर्स में से एक डेविड मिलर अरुण जेटली स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ IPL 2026 के मैच में दिल्ली कैपिटल्स को जीत नहीं दिला पाए और एक रन से चूक गए। इस हार के बाद भारत के पूर्व स्पिनर मुरली कार्तिक ने कहा कि मिलर ने एक बहुत बड़ी गलती की क्योंकि उन्हें पांचवीं गेंद पर सिंगल ले लेना चाहिए था और कुलदीप पर भरोसा करना चाहिए था कि वह आखिरी गेंद पर एक रन बना लेंगे। कार्तिक ने जिक्र किया कि कुलदीप कोई नंबर 11 के बैटर नहीं हैं और वह बैटिंग में अपना दम दिखा सकते हैं।
मुरली कार्तिक ने कहा, 'वह कोई नंबर 11 का खिलाड़ी नहीं है जिसे बैटिंग करना नहीं आता। यह 'परसेंटेज क्रिकेट' है; अगर कोई नंबर 11 का खिलाड़ी होता, या बैटिंग में बिल्कुल ही बेकार होता, तो मैं (मिलर के फैसले को) समझ सकता था। लेकिन कुलदीप पहले ही एक सिंगल ले चुके थे, आप उनसे इस बारे में बात भी कर सकते थे और विरोधी टीम पर भी दबाव होता है क्योंकि उन्हें सिंगल रोकने के लिए सभी खिलाड़ियों को सर्कल के अंदर लाना पड़ता है।'
गौर हो कि 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली को आखिरी ओवर में 13 रनों की जरूरत थी, और मिलर के साथ विपराज निगम बैटिंग कर रहे थे। पहले चार गेंदों में एक चौका, एक छक्का, एक सिंगल और एक विकेट गिरा। मिलर ने आखिरी से पहले वाली गेंद पर सिंगल लेने से मना कर दिया जब जीत के लिए दो रनों की जरूरत थी और दूसरे छोर पर कुलदीप यादव बैटिंग कर रहे थे। यह कदम कैपिटल्स के लिए उल्टा पड़ गया क्योंकि दक्षिण अफ्रीकी बैटर अगली गेंद को मिस कर गया और कुलदीप एक 'बाय' (bye) रन चुराने की कोशिश में रन-आउट हो गए। विकेट के पीछे जोस बटलर ने शानदार सूझबूझ दिखाई। घरेलू टीम टाइटन्स के कुल स्कोर से एक रन पीछे रह गई।

