दिल्ली कैपिटल्स को लगा झटका, स्टार प्लेयर IPL 2024 से बाहर

punjabkesari.in Tuesday, Apr 23, 2024 - 12:14 PM (IST)

नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 से बाहर हो गए है। दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने कहा कि ऑलराउंडर मिचेल मार्श आईपीएल 2024 के शेष भाग में हिस्सा नहीं लेंगे। 

मार्श फिलहाल दाहिनी हैमस्ट्रिंग की समस्या से उबर रहे हैं। इस चोट से उबरने के बाद वह भारत नहीं लौटेंगे और ऑस्ट्रेलिया में ही रहेंगे। मार्श क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के चिकित्सीय दल से परामर्श करने के लिए 12 अप्रैल को पर्थ वापस चले गए थे। आईपीएल में वह वापसी करेंगे या नहीं करेंगे, इस फैसले को लेने में थोड़ी देर हुई, क्योंकि मार्श को ठीक होने और उनकी चोट को पुनर्मूल्यांकन करने के लिए पर्याप्त समय दिया जा रहा था। 

पोंटिंग ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि वह वापस आएंगे। सीए चाह रहा था कि मार्श की चोट की रिकवरी ऑस्ट्रेलिया में ही हो। इसी कारण से हमने उन्हें वापस घर भेज दिया था। सीए के मेडिकल स्टाफ कुछ हफ्तो से उनके रिहैब पर काम कर रहे हैं। मैंने मार्श से हाल ही में बात की थी और ऐसा लगता है कि उस चोट से उबरने में उन्हें अपेक्षा से अधिक समय लग रहा है। हालांकि मुझे लगता है कि वह टी-20 विश्व कप से पहले ठीक हो जाएंगे।' 

ऐसा माना जा रहा कि मार्श आगामी टी-20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करेंगे। मार्श ने इस सत्र में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेले चार मैचों में 61 रन ही बनाए। तीन पारियों में उनका उच्च स्कोर 23 का था। इसके अलावा उन्होंने आठ ओवर की गेंदबाजी करते हुए 12.87 की इकॉनमी रेट से एक विकेट लिया। 

यह लगातार दूसरा सत्र है जब मार्श को सीजन के बीच में ही टीम छोड़ना पड़ा है। उन्होंने 2023 में भी दिल्ली कैपिटल्स के लिए केवल नौ मैच खेले थे। डीसी तीन जीत और पांच हार के साथ अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। हालांकि अभी भी उन्हें छह मैच और खेलने हैं और वे प्लेऑफ की दौड़ में बने हुए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Recommended News

Related News