दिल्ली हाफ मैराथन में इथोपिया का खिताबी डबल, पुरुष-महिला वर्ग में हासिल की जीत

punjabkesari.in Sunday, Nov 29, 2020 - 04:34 PM (IST)

नई दिल्ली : इथोपिया के धावकों ने दिल्ली हाफ मैराथन के 16वें संस्करण में अपनी श्रेष्ठता फिर साबित करते हुए खिताबी डबल अपने नाम कर लिया। रविवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से हुई इस प्रतिष्ठित हाफ मैराथन में इथोपिया के एमदेवर्क वालेलेगन ने पुरुष वर्ग का खिताब जीता जबकि इथोपिया की यालेमजर्फ येहुआलाव ने महिला वर्ग में दूसरा सबसे तेज समय निकलते हुए जीत हासिल की। दोनों विजेताओं को 27-27 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि मिली।

कोरोना के समय में दिल्ली हाफ मैराथन का आयोजन इस बाद सिर्फ एलीट अंतररष्ट्रीय और भारतीय धावकों के साथ हुआ। दिल्ली हाफ मैराथन में इस बार लगभग 50 धावकों ने हिस्सा लिया। कोरोना के समय में इस बार विश्व से करीब 13500 लोगों ने अपने स्थानों पर रहकर दिल्ली हॉफ मैराथन 2020 में हिस्सा लिया। इसमें तीन वर्ग में दौड़ हुई जिसमें हॉफ मैराथन (21.097 किमी), ओपन 10के (10 किमी) और ग्रेट दिल्ली रन (पांच किमी) शामिल थी। एलीट धावकों ने नेहरू स्टेडियम से रेस दौड़ी जबकि दुनिया भर में हजारों धावक दिल्ली हाफ मैराथन के विशेष मोबाइल एप के जरिए इस दौड़ से जुड़े।

नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर नेहरू स्टेडियम पर समाप्त हुई इस दौड़ का सबसे बड़ा आकर्षण 21 वर्षीय येहुआलाव का जबरदस्त प्रदर्शन रहा। पिछले महीने विश्व एथलेटिक्स हाफ मैराथन चैंपियनशिप में तीसरे स्थान पर रही येहुआलाव ने 64 मिनट 46 सेकेंड में दौड़ पूरी की जो इस हाफ मैराथन के इतिहास में दूसरा सबसे तेज समय है। उन्हें ईनामी राशि के रुप में 27000 डॉलर मिले। इसके अतिरिक्त उन्हें 10000 डॉलर रिकॉर्ड बोनस के तौर पर मिले। महिला वर्ग में केन्या को दूसरा और इथोपिया को तीसरा स्थान मिला।

पुरुष वर्ग में वालेलेगन ने दो बार के चैंपियन और हमवतन धावक एंडमलाक बेलिहू को बेहद मामूली अंतर से हराकर पहला स्थान हासिल किया। वालेलेगन ने 58 मिनट 53 सेकेंड में दौड़ पूरी की जबकि बेलिहू ने 58 मिनट 54 सेकेंड का समय लिया। पुरुष वर्ग में इथोपिया को दूसरा और यूगांडा को तीसरा स्थान मिला। वालेलेगन को भी 27 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि मिली।        

भारत के अविनाश साब्ले ने 60 मिनट 30 सेकेंड का शानदार समय निकाला और राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए पुरुष वर्ग में 10वें स्थान पर रहे। अविनाश भारतीयों में विजेता बने। उन्हें भारतीयों में विजेता बनने के तौर पर साढ़े तीन लाख रुपए की पुरस्कार राशि के अलावा रिकॉर्ड बोनस के लिए एक लाख रुपए मिले।

महिला वर्ग में विश्व रिकॉर्ड मैराथन रिकॉडर्धारी और हाल में लंदन मैराथन की विजेता ब्रिगिड कोसेगी दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से आठ किलोमीटर के बाद लडख़ड़ाते हुए सड़क के किनारे चली गईं और रेस से हट गईं। महिला वर्ग में केन्या की रुथ चेप्नगेटिच को 65 मिनट 06 सेकेंड के साथ दूसरा और इथोपिया की एबाबल येशानेह को 65 मिनट 21 सेकेंड के साथ तीसरा स्थान मिला।

पुरुष वर्ग में आठ धावकों ने 60 मिनट से कम का समय और तीन धावकों ने 59 मिनट से कम का समय लिया। तीन धावकों ने 20 किलोमीटर की दूरी को लगभग 56 मिनट में पार किया लेकिन इसके बाद वालेलेगन ने गजब का फररटा लगाया और बेलिहू को अंतिम क्षणों में पीछे छोड़कर खिताब अपने नाम किया।

वालेलेगन ने 58:53 मिनट में फिनिश लाइन पार की जो इस साल का तीसरा सबसे तेज समय है। बेलिहू ने 58:54 मिनट में दूसरा और यूगांडा के स्टीफन किस्सा ने 58:56 मिनट में तीसरा स्थान हासिल किया। बेलिहू और किस्सा ने अपना निजी सर्वश्रेष्ठ समय निकाला।

Jasmeet