देवाल्ड ब्रेविस ने तोड़ा शिखर धवन का बड़ा रिकॉर्ड, अंडर-19 विश्व कप में बनाया इतिहास

punjabkesari.in Friday, Feb 04, 2022 - 02:55 PM (IST)

खेल डैस्क : दक्षिण अफ्रीका के अंडर-19 प्लेयर देवाल्ड ब्रेविस ने एक बार फिर से अंडर-19 विश्व कप के दौरान क्रिकेट जगत का अपनी ओर ध्यान खींच लिया। दक्षिण अफ्रीका भले ही विश्व कप में सातवें स्थान पर रही लेकिन इस दौरान बेबी एबी के नाम से जाने जाते देवाल्ड ब्रेविस ने अपने प्रदर्शन से सबको चौका दिया। विश्व कप के छह मैचों में ब्रेविस ने 506 रन बनाए। इसी के साथ उन्होंने भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। धवन ने 2004 के अंडर-19 विश्व कप में 505 रन बनाए थे जोकि रिकॉर्ड था। देखें रिकॉर्ड-

अंडर-19 विश्व कप में सर्वाधिक रन


506 देवाल्ड ब्रेविस (दक्षिण अफ्रीका) औसत 84, साल 2022
505 शिखर धवन (भारत) औसत 84, साल 2004
471 ब्रैट विलियम्स (ऑस्ट्रेलिया) औसत 52, साल 1988
423 कैमरून व्हाइट (ऑस्ट्रेलिया) औसत 70, साल 2002
421 डी. पैजॉन (विंडीज) औसत 70, साल 2002

देवाल्ड ब्रेविस का विश्व कप 2022 में प्रदर्शन

65 बनाम भारत
104 बनाम यूगांडा
96 बनाम आयरलैंड
97 बनाम इंगलैंड
6 बनाम श्रीलंका
138 बनाम बांगलादेश

डीविलियर्स ने की थी तारीफ
ब्रेविस की दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर एबी डीविलियर्स ने भी तारीफ की थी। उन्होंने कहा थ कि मैं मानता हूं कि मैंने (जब हम मिले थे) उससे ज्यादा उम्मीद नहीं की थी, जब तक कि मैंने उसे बल्लेबाजी करते नहीं देखा। मैंने देखा कि उसमें कितनी क्षमता है। हमारी शैली और हमलावर प्रकृति के बीच समानताएं हैं।

ब्रेविस के आइडल हैं डीविलियर्स
ब्रेविस ने आईसीसी के साथ एक साक्षात्कार में डीविलयर्स से हुई बातचीत का खुलासा किया था। उन्होंने कहा- लॉकडाउन के दौरान मैंने उनसे संपर्क किया था। मैंने उनसे कुछ सलाह मांगी थी। उन्होंने हमेशा मुझे जवाब देने के लिए समय दिया। वह जिस तरह से क्रिकेट को समझाते हैं, मुझे वह पसंद है। वह इसे सरल रखते हैं। वह मेरे आइडल हैं।

आई.पी.एल. में आरसीबी से खेलना चाहते हैं


बे्रेविस ने बीते दिनों एक इंटरव्यू में इच्छा जाहिर की थी कि वह आई.पी.एल. में आरसीबी की ओर से खेलना चाहते हैं। ब्रेविस ने आरसीबी की टी-शर्ट पहनकर पिता के साथ एक फोटो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। उन्होंने कहा था कि वह विराट कोहली और एबी डीविलियर्स की बल्लेबाज खूब पसंद करते हैं। 

Content Writer

Jasmeet