टेस्ट में 'गब्बर' के नाम दर्ज हुआ बड़ा रिकाॅर्ड, सहवाग को छोड़ा पीछे

punjabkesari.in Thursday, Jun 14, 2018 - 09:18 PM (IST)

नई दिल्लीः अफगानिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट मैच के पहले दिन ही भारतीय टीम के ओपनर शिखर धवन ने एक बड़ा रिकाॅर्ड अपने नाम कर लिया है। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में धवन ने पहले सेशन में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 96 गेंदों में 107 रन बनाए। जिस दौरान उन्होंने 19 चौके और 3 छक्के भी लगाए। धवन के टेस्ट करियर का यह 7वां शतक है।



ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय
धवन ने लंच ब्रेक से पहले 91 गेंदों पर 104 रन बनाए। इसी के साथ ही वह लंच से पहले किसी टेस्ट के शुरुआती दिन ही शतक जड़ने वाले भारत के पहले और दुनिया के छठे बल्लेबाज बन गए हैं। इस सूची में पहले स्थान पर आॅस्ट्रेलिया के विक्टर ट्रम्पर (नाबाद 103) हैं, जिन्होंने साल 1902 में इंग्लैंड के खिलाफ यह कारनामा किया था। दूसरे स्थान पर आॅस्ट्रेलिया के ही चार्ली मार्कटनी का नाम है, इन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ साल 1921 में नाबाद 112 रनों की पारी खेली थी। 



सहवाग को छोड़ा पीछे
भारत की ओर से टेस्ट मैच के पहले दिन के पहले सेशन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकाॅर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम था। सहवाग ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2006 में लंच से पहले 99 बनाए थे, लेकिन अब गब्बर ने शतक लगाकर इस रिकाॅर्ड को तोड़ अपने नाम कर लिया है।



किसी टेस्ट मैच में लंच से पहले शतक जड़ने वाले बल्लेबाज-

1.
विक्टर ट्रम्पर (आॅस्ट्रेलिया)- साल 1902 में इंग्लैंड के खिलाफ 103* रन

2. चार्ली मार्कटनी (आॅस्ट्रेलिया)- साल 1921 में इंग्लैंड के खिलाफ 112* रन

3. सर डॉन ब्रेडमैन (आॅस्ट्रेलिया)- साल 1930 में इंग्लैंड के खिलाफ 105* रन

4. माजिद खान (पाकिस्तान)- साल 1976 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 108* रन

5. डेविड वाॅर्नर (आॅस्ट्रेलिया)- साल 2017 में पाकिस्तान के खिलाफ 100* रन

6. शिखर धवन (भारत)- साल 2018 में अफगानिस्तान के खिलाफ 104* रन

Punjab Kesari