मोदी के चुनावी रथ पर सवार हो सकते हैं धोनी और गंभीर

punjabkesari.in Monday, Oct 22, 2018 - 03:01 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: क्रिकेट के मैदान में अपने प्रदर्शन से शोहरत की बुलंदियों पर पहुंचने वाले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब राजनीति में अपना जलवा बिखेर सकते हैं। एमएस धोनी और 2011 वर्ल्ड कप टीम का अहम हिस्सा रहे गौतम गंभीर दोनों कमल के चुनाव चिन्ह पर आगामी 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, जो रिपोर्ट मिल रही है, उसके मुताबिक नई दिल्ली संसदीय सीट से मौजूदा सांसद मीनाक्षी लेखी के अब तक के कार्यों से उनके इलाके के लोग खुश नहीं है। लिहाजा उनके निराशाजनक प्रदर्शन के मद्देनजर लोकसभा चुनाव की टिकट उनकी जगह गौतम गंभीर को दी जा सकती है। बता दें कि गंभीर दिल्ली संसदीय क्षेत्र के रजिंद्र नगर से आते हैं और इस बार के लोकसभा चुनाव में वो बीजेपी का चेहरा हो सकते हैं।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, चूंकि धोनी और गंभीर क्रिकेट लोकप्रिय क्रिकेटर्स हैं और सामाजिक कार्यों में भी वो आगे आते रहे हैं। इतना ही नहीं समाज के सभी वर्गों के लोग दोनों खिलाड़ियों का सम्मान भी करते हैं। ऐसे में दिल्ली में रहते हुए दिल्ली के लोगों के लिए गंभीर अच्छा काम कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि धोनी को भी भाजपा में शामिल करने और झारखंड में किसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़वाने को लेकर भी बात चल रही है। उन्होंने बताया कि इसके साथ-साथ पार्टी दोनों को लोकसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारक के तौर पर भी शामिल करने पर विचार कर रही है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कुमार विश्वास भी भाजपा का चेहरा हो सकते हैं।

Atul Verma