धोनी ने बनाया ब्रावो का मजाक, बोले- ग्ल्वस छोड़कर क्या गेंदबाजी करने लग जाऊं

punjabkesari.in Thursday, Apr 28, 2022 - 04:50 PM (IST)

खेल डैस्क : महेंद्र सिंह धोनी को क्रिकेट जगत के सबसे कूल कप्तानों में से एक माना जाता है। वह कई बार अपनी हाजिर जवाबी से क्रिकेट फैंस का दिल जीतते आए हैं। ऐसा ही घटनाक्रम एक बार फिर से हुआ है जब धोनी अपनी टीम के खिलाड़ी ऋतुराज गायकवाड के साथ वीडियो चैट कर रहे थे। इस दौरान शो एंकर ने जब धोनी से उनकी और ब्रावो की एक फोटो पर बात की तो धोनी ने कहा कि ब्रावो हमेशा अपना काम करते है। इतने सालों के दौरान ऐसा कभी नहीं हुआ कि मैंने ब्रावो को यह कहा हो कि इस तरह से गेंदबाजी करो या उस तरह से गेंदबाजी करो। लेकिन जब गेंदबाज ज्यादा वेरिएशन के साथ आता है तो मुश्किल हो जाती है। जब ब्रावो को मैच के दौरान रन पड़ते हैं तो सोचने लग जाता हूं- छोड़ू इस ग्ल्वस को। खुद बोलिंग करता हूं। इससे बुरी गेंदबाजी और क्या होगी। धोनी के इतना बोलते ही हंसी का माहौल बन गया।

बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी ने 2021 आईपीएल में अपनी टीम को चैंपियन बनाया था लेकिन इस बार उनकी टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर बनी हुई है। चेन्नई ने अब तक 8 में से दो ही मुकाबले जीते हैं जबकि गुजरात टाइटंस अपने बढिय़ा प्रदर्शन के चलते पहले नंबर पर बनी हुई है।

धोनी की खुद की फार्म की अगर बात की जाए तो वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। पिछले दो-तीन सीजन से खराब बल्लेबाजी के कारण लगातार आलोचनाएं झेल रहे धोनी ने इस सेशन की शुरुआत में ही अपनी मजबूत बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया था। उन्होंने पहले ही मैच में तेजतर्रार अर्धशतक लगाकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था। इसके बाद जब भी टीम को जरूरत पड़ी उन्होंने सधी हुई पारियां खेलीं और पिछली असफलताओं को दूर करने की कोशिश की। 

Content Writer

Jasmeet