धोनी ने हासिल की खास उपलब्धि, ऐसा करने वाले पहले भारतीय

punjabkesari.in Saturday, Sep 29, 2018 - 09:54 AM (IST)

दुबईः पूर्व कप्तान और मौजूदा भारतीय विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी ने विकट के पीछे 800 शिकार पूरे करने की अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल कर ली है। 37 वर्षीय धोनी ने बांग्लादेश के खिलाफ एशिया कप के फाइनल में दो स्टंपिंग करने के साथ ही यह उपलब्धि हासिल कर ली। 

यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह पहले भारतीय और दुनिया के तीसरे विकेटकीपर बन गए। धोनी ने पारी में दो स्टंपिंग से एशिया कप में सर्वाधिक स्टंपिंग का नया रिकॉर्ड बनाया और श्रीलंका के कुमार संगकारा (9 स्टंपिंग) को पीछे छोड़ दिया। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके धोनी ने टेस्ट में 90 मैचों में 256 कैच और 38 स्टंपिंग, 327 वनडे में 306 कैच और 113 स्टंपिंग तथा 93 ट्वंटी-20 में 54 कैच और 33 स्टंपिंग की हैं। 

दक्षिण अफ्रीका के मार्क बाउचर ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में विकेट के पीछे 998 और ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट ने 905 शिकार किये हैं। फिलहाल टूर्नामेंट के फाइनल मैच की बात करें तो भारत 7वीं बार एशिया का चैंपियन बन चुका है। टाॅस हारकर बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 222 रन बनाए। फिर मैदान में उतरी भारतीय टीम ने इस लक्ष्य को 3 विकेट रहते हासिल कर लिया।
 

Mohit