मैं अपने खिलाड़ियों को मां-बहन की गालियां देने से मना करता हूंः धोनी

punjabkesari.in Sunday, Jul 22, 2018 - 02:27 PM (IST)

नई दिल्लीः भरत सुंदरेशन की किताब 'द धोनी टच' में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बारे में बताया गया है कि उन्होंने हमेशा अपने खिलाड़ियों को मां-बहन की गाली देने के लिए मना किया। मैदान पर जितना मर्जी टेंशन भरा माहौल हो पर धोनी हमेशा कूल ही रहते हैं। साल 2008 में भारतीय टीम ने आॅस्ट्रेलिया का दौरा किया और यह धोनी की कप्तानी में पहला विदेशी दौरा था। उस वक्त आॅस्ट्रेलियाई टीम अपनी आक्रामकता के लिए जानी जाती थी, लेकिन धोनी ने अपने खिलाड़ियों से किसी भी विरोधी के साथ छेड़छाड़ के लिए मना किया था। 

2008 में काॅमनवेल्थ बैंक सीरीज के दौरान आॅस्ट्रेलिया की पूरी टीम 159 रनों पर आॅलआउट हो गई थी। तब धोनी ने अपनी टीम के खिलाड़ियों को से कहा था कि वह जीत का जश्न ना मनाए। भरत सुंदर ने अपनी किताब में यह बताया कि, ''माही ऑस्ट्रेलियाई टीम को ये संदेश देना चाहते थे कि उन्हें हराना कोई बड़ी बात नहीं है। अगर हम जीत का ज्यादा जश्न मनाते तो ऑस्ट्रेलियाई टीम को लगता कि ये एक उलटफेर हुआ है। हम उन्हें ये जताना चाहते थे कि ये तुक्का नहीं है। ये आगे भी होता रहेगा।''

धोनी के एक करीबी दोस्त ने किताब में कहा, ''धोनी अपनी स्टाइल में गोली मारते हैं। धोनी का मानना था कि अगर वो अपने खिलाड़ियों को मां-बहन की गाली देने की छूट दे देते तो उनका खेल नहीं, बल्कि उनकी बातें विरोधियों को परेशान करती। धोनी कभी आक्रामकता दिखाने में विश्वास नहीं करते थे। धोनी का कहना था कि अगर आप ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को परेशान करना चाहते हैं तो अपने स्टाइल से करें ना कि ऑस्ट्रेलियाई अंदाज में।''



धोनी ने 90 टेस्ट मैचों में 38.09 की औसत से 4876 रन बनाए हैं, जिस दौरान उन्होंने 6 शतक, 1 दोहरा शतक और 33 अर्धशतक जड़े हैं। वहीं 321 वनडे मैचों में धोनी ने 51.25 की औसत से 10046 रन बनाए हैं। वनडे में धोनी 10 शतक, 67 अर्धशतक जड़ चुके हैं। धोनी ने वनडे में अबतक 217 छक्के और 776 चौके जड़े हैं। धोनी अबतक 93 टी-20 खेल चुके हैं। इसमें उन्होंने 37.17 की औसत से 1487 रन बनाए हैं। टी-20 करियर में धोनी ने अबतक सिर्फ 2 अर्धशतक ही जड़े हैं। टी-20 करियर में धोनी ने 47 छक्के और 107 चौके जड़े हैं।

Mohit