महेंद्र सिंह धोनी ने प्रैक्टिस मैच में दिखाया दम, झारखंड रणजी टीम के कोच भी हुए हैरान

punjabkesari.in Friday, Jan 17, 2020 - 08:58 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : बीसीसीआई की अनुबंध सूची से बाहर किए गए पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) ने अपने भविष्य को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बीच गुरुवार को झारखंड रणजी टीम के साथ अभ्यास किया। अब धोनी के अभ्यास पर झारखंड रणजी टीम के कोच राजीव कुमार ने हैरानी जताते हुए कहा कि उन्हें देखकर ऐसा नहीं लगा कि वह लम्बे समय बाद वापसी कर रहे हैं। 

महेंद्र सिंह धोनी ने लंबे समय बाद शुरू की प्रैक्टिस 

कोच राजीव कुमार ने कहा कि मुझे लगा था कि धोनी ने लंबे समय से ट्रेनिंग नहीं की है जिस कारण उन्हें थोड़ी परेशानी होगी। आखिरी बार जब हमने बात की थी तो उन्होंने जनवरी में प्रैक्टिस शुरू करने की बात कही थी और देख लीजिए उन्होंने प्रैक्टिस शुरू कर दी है। वह अपनी बात पर कायम रहने वाले खिलाड़ी हैं। राजीव ने कहा उन्हें जिस बात से हैरानी हुई वह यह थी कि उन्होंने लगभग हर गेंद को बल्ले के बीच से खेला। उन्‍होंने पेसर और स्पिनर दोनों का बखूबी सामना किया। साथ ही थ्रो-डाउन पर भी उन्‍होंने अच्‍छे से बल्‍लेबाजी की। 

महेंद्र सिंह धोनी को बीसीसीआई कॉन्ट्रैक्ट से बाहर निकालने का कारण 

गौर हो कि धोनी ने आखिरी बार 9 जुलाई 2019 को न्‍यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्‍ड कप सेमीफाइनल खेला था जिसके बाद से वह टीम के साथ एक भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेले थे। बीसीसीआई ने धोनी को सालाना कॉन्‍ट्रैक्‍ट से भी बाहर कर दिया था। इससे पहले वह ए ग्रेड में शामिल थे और उन्हें सालाना 5 करोड़ रुपये मिलते थे। इस पर बीसीसीआई ने धोनी को कॉन्ट्रैक्ट नहीं देने का कारण उनका कम मैच खेलना बताया है। 

Sanjeev