बस 109 रन आैर धोनी वनडे क्रिकेट में हासिल कर लेंगे ये बड़ी उपलब्धि

punjabkesari.in Tuesday, Dec 12, 2017 - 06:22 PM (IST)

मोहालीः पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों में 10 हजारी बनने से महज 109 रन दूर हैं और श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के बचे दो मैचों में वह यह उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। धोनी यह उपलब्धि हासिल करते ही मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, सौरभ गांगुली और राहुल द्रविड के बाद ऐसा करने वाले चौथे भारतीय बन जाएंगे।  

इस वर्ष अब तक 781 रन बनाए
उन्होंने धर्मशाला में 65 रन की जूझारू पारी खेली थी। पूर्व कप्तान धोनी चौथे ऐसे बल्लेबाज है जिन्होंने इस वर्ष वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। धोनी ने इस वर्ष अब तक 781 रन बनाए हैं। भारत को श्रीलंका के खिलाफ अपने दूसरे वनडे के करो या मरो के मुकाबले में मोहाली में खेलना है जहां धोनी का रिकॉर्ड शानदार रहा है।   

2011 के विश्वकप विजेता कप्तान धोनी मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने मोहाली में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। धोनी मोहाली में अगर 11 रन और बना लेते हैं तो वह तेंदुलकर को पीछे छोड़ देंगे। मोहाली में धोनी का 59.33 का औसत 92.46 का स्ट्राइक रेट रहा है। विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी का श्रीलंका के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ पिछले आठ वनडे मैचों में 131 के औसत से रन बनाए हैं जिसमें चार शतक भी शामिल हैं।