दीक्षा डागर मॉरिशस में खिताब की दौड़ में, हिताशी और त्वेसा ने भी कट हासिल किया
punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 04:43 PM (IST)
पोर्ट लुईस (मॉरिशस) : भारतीय गोल्फर दीक्षा डागर बोगी मुक्त तीन अंडर 69 के शानदार कार्ड से लेडीज यूरोपीय टूर पर यहां एमसीबी लेडीज क्लासिक - मॉरिशस में खिताब की दौड़ में शामिल हो गईं। एलईटी पर दो बार की विजेता दीक्षा ने पहले दौर में 68 का स्कोर किया और दूसरे दौर के बाद वह सात अंडर पर पहुंच गईं हैं जिससे वह संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं।
वहीं चार भारतीय खिलाड़ियों में से तीन ने कट हासिल किया। दीक्षा के साथ हिताशी बख्शी (71-69) और त्वेसा मलिक (70-71) भी कट हासिल कर अंतिम दौर के लिए शामिल हुईं। हिताशी संयुक्त रूप से 19वें और त्वेसा संयुक्त रूप से 26वें स्थान पर हैं। वाणी कपूर (78-77) कट हासिल करने से चूक गईं।

