''भारत की बेंच स्ट्रेंथ ने बढ़ाई टेंशन'', रोहित शर्मा के भविष्य पर दिनेश कार्तिक का बड़ा बयान

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 01:02 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने 2027 वनडे विश्व कप से पहले रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। कार्तिक का मानना है कि भारतीय क्रिकेट में इस समय जबरदस्त बेंच स्ट्रेंथ होने के कारण हर खिलाड़ी पर अपनी जगह बचाने का दबाव है। उन्होंने कहा कि टीम मैनेजमेंट को वरिष्ठ खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर स्पष्ट संवाद बनाए रखना होगा।

'भारत की बेंच स्ट्रेंथ सबसे मजबूत'

विजडन के शो 'द स्कूप' में बातचीत के दौरान कार्तिक ने कहा कि मौजूदा समय में भारत के पास किसी भी क्रिकेट खेलने वाले देश से सबसे मजबूत बेंच स्ट्रेंथ है।

उन्होंने कहा, 'इस समय भारत ऐसी स्थिति में है, जहां कोई दूसरा क्रिकेट खेलने वाला देश नहीं है। टीम के हर खिलाड़ी की जगह लेने के लिए कई विकल्प मौजूद हैं। इसलिए हर खिलाड़ी पर दबाव रहेगा और यही वजह है कि आज भारत के लिए खेलना पहले से कहीं ज्यादा मुश्किल हो गया है।'

चयनकर्ताओं के लिए भी आसान नहीं फैसला

कार्तिक ने कहा कि चयनकर्ताओं के सामने भी बड़ी चुनौती होती है कि वे मौजूदा स्टार खिलाड़ी को चुनें या भविष्य के स्टार पर भरोसा करें। उन्होंने कहा, 'अगर आप अजित अगरकर की जगह बैठें तो फैसला आसान नहीं होगा। आपको यह तय करना होता है कि मौजूदा सुपरस्टार को मौका दें या उस खिलाड़ी को जो आने वाले वर्षों में सुपरस्टार बन सकता है।'

रोहित की जमकर तारीफ

रोहित शर्मा के करियर पर बात करते हुए कार्तिक ने उन्हें भारत के महानतम व्हाइट-बॉल खिलाड़ियों में से एक बताया। उन्होंने कहा, 'रोहित जब भी संन्यास लें, लेकिन मेरे लिए वह भारत के महानतम व्हाइट-बॉल क्रिकेटरों में से एक रहेंगे। उन्होंने मैदान के अंदर और बाहर जो यादें बनाई हैं, वही उनके साथ हमेशा रहेंगी।'

'वरिष्ठ खिलाड़ियों को मिलना चाहिए सम्मानजनक विदाई'

2027 वनडे विश्व कप तक रोहित शर्मा 40 साल से अधिक के हो जाएंगे। ऐसे में कार्तिक का मानना है कि टीम मैनेजमेंट को उनके भविष्य को लेकर साफ और ईमानदार बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'इस दौर में काफी संवाद और स्पष्टता की जरूरत होगी। युवा खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, इसलिए उन्हें बाहर रखना आसान नहीं है। लेकिन वरिष्ठ खिलाड़ियों ने देश के लिए जो किया है, उसे देखते हुए मैं चाहता हूं कि उन्हें अपने तरीके से करियर खत्म करने का मौका मिले। हालांकि हर कहानी का अंत मनचाहा नहीं होता।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News