विराट कोहली का कैच टपकाना भारी पड़ा, KKR कोच अभिषेक नायर ने गिनाए हार के कारण
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 02:36 PM (IST)
रायपुर : कोलकाता नाइट राइडर्स के कोच अभिषेक नायर ने स्वीकार किया कि पारी की शुरूआत में विराट कोहली का कैच टपकाना उनकी टीम पर भारी पड़ा और कोहली ने नाबाद शतक जमाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को IPL मैच में छह विकेट से जीत दिलाई। कोहली को कार्तिक त्यागी की गेंद पर रोवमैन पावेल ने जीवनदान दिया जब उनका स्कोर 21 रन था। कोहली ने इसका पूरा फायदा उठाते हुए 60 गेंद में नाबाद 105 रन बनाए। जीत के लिए 193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली और देवदत्त पडिक्कल (39) ने दूसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी की।
नायर ने कहा, 'जब लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली का कैच आप छोड़ देते हैं तो राह बहुत मुश्किल हो जाती है।' नायर ने कहा कि KKR ने अच्छे रन बनाए थे लेकिन छोटी छोटी गलतियों के कारण मैच उनके हाथ से निकल गया। उन्होंने कहा, 'जैसा कि मैने पहले कहा कि स्कोर अच्छा था। लेकिन कई चीजें बेहतर हो सकती थी। विराट का कैच काफी कठिन था।'
कोच का मानना है कि वरूण चक्रवर्ती की कमी भी टीम को खली। उन्होंने कहा, 'आखिर में क्रिकेट में ऐसा होता है। अगर 10-15 रन और होते तो मैच बदल सकता था। ये कैच लपके जाते तो मैच की स्थिति कुछ और होती। वरूण चक्रवर्ती खेलता तो भी हालात कुछ और होते।'
नायर ने स्वीकार किया कि केकेआर का गेंदबाजी आक्रमण सुनील नारायण और चक्रवर्ती पर बहुत निर्भर है। उन्होंने कहा, 'इसमें कुछ छिपा नहीं है कि सुनील और वरूण का संयोजन हमारे लिए काफी कामयाब रहा है। हमें इस सत्र में वरूण की कमी काफी खली है। उसे दूसरी बार फ्रेक्चर हुआ है जो दुर्भाग्यपूर्ण है। हमें उसकी कमी खली।'

